जशपुर की डॉक्टर ने बिलासपुर सिम्स के गर्ल्स हॉस्टल में फांसी लगाकर दी जान

अंबिकापुर में रहकर नौकरी करने वाली जशपुर की डाक्टर ने सिम्स के गर्ल्स हास्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम ने शव कब्जे में लेकर उनके दोस्तों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्राथमिक पूछताछ में पता चला है कि डाक्टर एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने शहर आई थी। इसके बाद वह दोस्तों से मिलने हास्टल पहुंची थी।

By Manoj Kumar Tiwari

Publish Date: Mon, 18 Nov 2024 12:29:16 PM (IST)

Up to date Date: Mon, 18 Nov 2024 12:29:16 PM (IST)

डॉक्टर ने सिम्स के गर्ल्स हॉस्टल में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।

HighLights

  1. जशपुर में रहने वाली अनुप्रिया सिंह(26) डाक्टर थीं।
  2. एक वैवाहिक कार्यक्रम में शामिल होने शहर आई थी।
  3. स्वजन के आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

नईदुनिया प्रतिनिधि, बिलासपुर। जशपुर में रहने वाली अनुप्रिया सिंह(26) डाक्टर थीं। उन्होंने सिम्स से ही अपनी डाक्टरी की पढ़ाई पिछले साल पूरी की थी। इसके बाद वह अंबिकापुर में रहकर डाक्टरी कर रही थीं। शनिवार को वे परिचित की शादी में शामिल होने के लिए शहर आई थीं। शादी में शामिल होने के बाद वे सिम्स गर्ल्स हास्टल में रहने वाली अपनी दोस्तों से मिलने के लिए हास्टल आ गईं। रात को वे हास्टल में ही थी।

शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था

दोपहर करीब 12 बजे तक वे दोस्तों से बातें कर रही थीं। 12 बजे उनकी सहेलियां कमरे में छोड़कर बाहर निकल गईं। करीब 40 मिनट के बाद जब वे लौटी तो अनुप्रिया का शव फांसी के फंदे पर लटक रहा था। इसकी जानकारी तत्काल सिम्स के अधिकारियों को दी गई।

naidunia_image

स्वजन को दी घटना की जानकारी

सिम्स के अधिकारियों ने घटना की सूचना पुलिस को दी है। इस पर पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने डाक्टर की सहेलियों से प्रारंभिक पूछताछ की है। इसमें घटना का कारण स्पष्ट नहीं है। इधर डाक्टर के स्वजन को भी घटना की जानकारी दे दी गई है। वे बिलासपुर के लिए निकल गए हैं। स्वजन के आने के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी।

बिलासपुर की अन्य घटना

बहन पर युवक कर रहे थे कमेंट, विरोध करने पर की पिटाई

naidunia_image

मस्तूरी क्षेत्र में रहने वाला युवक खेत में काम करने के बाद घर लौट रहा था। उसके पीछे आ रही बहन पर पास ही खड़े लोगों ने अभद्र कमेंट किया। इसका विरोध करने पर चार लोगों ने मिलकर युवक की पिटाई कर दी। मारपीट से घायल युवक ने घटना की शिकायत मस्तूरी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।

बहन को देखकर किया अभद्र कमेंट

मस्तूरी क्षेत्र में रहने वाले युवक ने पुलिस को बताया कि शनिवार की शाम खेत में काम के बाद वह घर लौट रहा था। पीछे उसकी बहन आ रही थी। बेलटुकरी के पास कसौंदी निवासी सोनू सतनामी अपने दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के लिए आया था। उन्होंने उसकी बहन को देखकर अभद्र कमेंट किया।

इसका विरोध करने सोनू और उसके दोस्तों ने युवक की पिटाई कर दी। पीछे आ रही उसकी बहन और बहनोई ने बीच-बचाव की कोशिश की। इस पर युवकों ने उनके साथ भी मारपीट की।

जुर्म दर्ज

मारपीट से घायल युवक ने घटना की शिकायत मस्तूरी थाने में की है। इस पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।