Sunil Gurjar murder case: मुख्य आरोपित पुष्पेंद्र गिरफ्तार, बोला-रुपये के लिए सुबह-शाम प्रताड़ित करता था, बेइज्जत किया

प्रापर्टी डीलर सुनील गुर्जर हत्‍याकांड के मुख्‍य आरोपित पुष्‍पेंद्र भदौरिया को पुलिस ने दबोच लिया है। आरोपित भिंड में छिपा हुआ था। अभी आरोपित का साथी फरार है। आरोपित ने बताया कि सुनील गुर्जर उन्‍हें प्रताडित करता था और मारने की धमकी भी देता था।

By amit mishra

Publish Date: Sat, 23 Nov 2024 10:26:13 AM (IST)

Up to date Date: Sat, 23 Nov 2024 10:26:13 AM (IST)

सुनील गुर्जर की हत्‍या का आरोपित पुष्‍पेंद्र भदौरिया।

HighLights

  1. पुलिस ने आरोपित पर किया था 30 हजार का ईनाम घोषित
  2. 12 नवंबर को शताब्दीपुरम में हुई थी सुनील गुर्जर की हत्या
  3. भिंड से पुलिस ने आरोपित को पकड़ा, एक साथी अभी भी फरार

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शताब्दीपुरम में जमीन कारोबारी सुनील गुर्जर की गोलियों से भूनकर हत्या की वारदात को अंजाम देने के मुख्य आरोपित पुष्पेंद्र भदौरिया को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुष्पेंद्र पर 30 हजार रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस हिरासत में जब उससे पूछताछ की गई तो बोला- सुनील के रुपये उसे देना थे। रुपये के लिए सुबह-शाम प्रताड़ित करने लगा था। घर में घुसकर कहने लगा था, अब यहीं सोऊंगा। पत्नी और मां के लिए भी अपशब्द कहे। बार-बार बेइज्जत करता था, इसलिए मार डाला।

12 नवंबर को शताब्दीपुरम स्थित ग्लोरी विला में जमीन कारोबारी सुनील गुर्जर को रुपये लौटाने के बहाने बुलाकर उसके ही साझेदार पुष्पेंद्र भदौरिया ने अपने भाई राहुल, भोला भदौरिया और देवेंद्र भदौरिया के साथ मिलकर गोलियों से भूनकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने पहले 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।

naidunia_image

बीते रोज आइजी ने 30-30 हजार रुपये का इनाम घोषित किया। इस मामले में राहुल और देवेंद्र पहले ही पकड़े जा चुके थे। पुष्पेंद्र की लोकेशन भिंड में मिली। क्राइम ब्रांच और महाराजपुरा थाने की टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया, अभी आरोपित भोला फरार है।

कभी भी पिस्टल अड़ा देता था सुनील

आरोपित पुष्पेंद्र से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि सुनील घर में घुसकर अपशब्द कहता था। मां, पत्नी के बारे में भी गलत बात करता था। कभी भी सीने पर पिस्टल अड़ा देता था। जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन भी बात करने बुलाया था। फिर यहां बहस हुई और उसने सुनील पर गोलियां बरसा दीं।

naidunia_image

50 लाख रुपये का था विवाद

पुष्पेंद्र ने बताया कि सुनील के साथ पहले काम करता था। रुपये के लेनदेन को लेकर आपस में बिगड़ गई। करीब 50 लाख रुपये उसे सुनील को देना थे। इसी को लेकर झगड़ा था।

झांसी रोड पर बाइक से गिरी महिला, मौत

झांसी रोड इलाके में बाइक से एक महिला गिर गई। महिला की अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। नाका चंद्रवदनी की रहने वालीं सुषमा भदौरिया अपने दामाद रघुवीर सिंह के साथ झांसी से ग्वालियर आ रही थीं। इसी दौरान झांसी रोड स्थित विक्की फैक्ट्री के पास बाइक से वह गिर पड़ीं। इस हादसे में उनकी मौत हो गई।