Maharashtra Vidhan Sabha Election 2024: महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर वोटिंग, 4136 उम्मीदवार मैदान में

Maharashtra Vidhan Sabha Election 2024: महाराष्ट्र की सभी 288 सीटों पर वोटिंग, 4136 उम्मीदवार मैदान में

महाराष्ट्र में कुल 9.70 करोड़ मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। चुनाव आयोग ने सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए हैं। पूरे महाराष्ट्र में 1 लाख से अधिक मतदान केंद्र है। महाराष्ट्र विधानसभा में कुल 288 विधानसभा सीटें हैं, जहां बहुमत के लिए 145 का आंकड़ा हासिल करना जरूरी है।

By Arvind Dubey

Publish Date: Wed, 20 Nov 2024 05:56:37 AM (IST)

Up to date Date: Wed, 20 Nov 2024 05:56:37 AM (IST)

एजेंसी, मुंबई (Maharashtra Election Polling 2024)। महाराष्ट्र में विधानसभा की सभी 288 सीटों पर सुबह 7 बजे से वोटिंग शुरू होगी। कुल मिलाकर 4136 प्रत्याशी मैदान में है। मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ महायुति (भाजपा, शिंदे शिवसेना और अजित पवार एनसीपी) और महाविकास अघाड़ी (कांग्रेस, शिवसेना-यूबीटी और एनसीपी-शरद पवार) के बीच है।

मतदान शाम 5 बजे तक चलेगा। इसे बाद एग्जिट पोल जारी किए जाएंगे। वहीं वोटों की गिनती 23 नवंबर, शनिवार को होगी। मतदान प्रतिशत पर खास नजर रहेगी। महाराष्ट्र में अब तक हुए 13 विधानसभा चुनाव में औसत 62.2 फीसदी वोटिंग हुई है।

naidunia_image

Maharashtra Election 2024 LIVE Information

  • महाराष्ट्र की कुल 288 सीटों में से भाजपा सबसे ज्यादा 149 सीटों के साथ मैदान में है। उसके बाद 81 सीटों पर शिवसेना (एकनाथ शिंदे गुट) और 59 सीटों पर अजीत पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने उम्मीदवार उतारे हैं।
  • विपक्ष की ओर से कांग्रेस ने 101 उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। शिवसेना (यूबीटी) 95 सीटों पर चुनाव लड़ रही है और शरद पवार के नेतृत्व वाली राकांपा ने 86 दावेदार खड़े किये हैं।
  • कुछ छोटे दल भी अपनी उपस्थिति दर्ज करवा रहे हैं। जैसे बहुजन समाज पार्टी (बसपा) 237 सीटों पर चुनाव लड़ रही है, जबकि ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहाद-उल-मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) 17 सीटों पर मैदान में है।

मुद्दे जो चुनाव प्रचार में रहे हावी

सत्तापक्ष ने अपने किए गए कार्यों का बखान किया। साथ ही सरकार द्वारा चलाई जा रही जनकल्याणकारी योजनाओं के बारे में भी बढ़चढ़ कर बताया गया। महायुति को उम्मीद है कि लाड़की बहना जैसी योजना मध्य प्रदेश की तरह महाराष्ट्र में भी मास्टरस्ट्रोक साबित होगी।

वहीं विपक्ष ने भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, किसानों की स्थिति, महंगाई को मुद्दा बनाया। साथ ही ध्रुवीकरण भी बड़ा मुद्दा रहा। भाजपा की ओर से ‘वोट-जिहाद, बटेंगे तो कटेंगे तथा ‘एक हैं तो सेफ हैं’ के नारे दिए गए।

प्रमुख प्रत्याशी, जिसकी प्रतिष्ठा दांव पर

मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, अजित पवार, पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नाना पटोले, पूर्व मंत्री आदित्य ठाकरे, पूर्व मंत्री नवाब मलिक, शाइना एनसी, कृषि मंत्री धनंजय मुंडे, महाराष्ट्र सपा प्रमुख अबु आजमी, पूर्व मंत्री जयंत पाटिल प्रमुख प्रत्याशियों में शामिल है, जिनकी किस्मत ईवीएम में कैद हो जाएगी।

naidunia_image

मत प्रतिशत पर रहेगी नजर

महाराष्ट्र में अब तक के 13 विधानसभा चुनावों में औसतन 62.2% मतदान हुआ है। राज्य में सबसे अधिक मतदान 1995 में हुआ था, जब 71.6% मतदाताओं ने मतदान किया था, जबकि सबसे कम मतदान 1980 में हुआ था, जब 53.3% मतदान हुआ था।

शहरी मतदाताओं की उदासीनता लगातार चुनौती है। 2019 के विधानसभा चुनावों में 64 शहरी निर्वाचन क्षेत्रों में से 62 में औसत से कम मतदान दर्ज किया गया था। राज्य की राजधानी और भारत की वित्तीय राजधानी मुंबई लंबे समय से कम मतदान प्रतिशत से जूझ रही है।