शहर में 24 घंटे के अंदर चोरों ने अलग अलग जगहों पर चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। इनमें एक सीए का आफिस है और दूसरी जगह उरवाई गेट के पास का हनुमान मंदिर है। दोनों ही जगह की चोरी में चोर सीसीटीवी कैमरों में नजर आए हैं।
By amit mishra
Publish Date: Fri, 22 Nov 2024 08:23:00 AM (IST)
Up to date Date: Fri, 22 Nov 2024 08:23:00 AM (IST)
HighLights
- चोर आए सीसीटीवी कैमरे में नजर
- हनुमान मंदिर की दानपेटी से रुपये चोरी
- पुलिस को नहीं लगा चोरों का कोई सुराग
नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में चोर बेखौफ हैं। 24 घंटे में अलग-अलग इलाकों में चोरी की दो घटनाएं हुई। पहली घटना एक चार्टर्ड अकाउंटेंट के दफ्तर में हुई। जहां से चोर रुपये और चांदी की मूर्तियां चोरी कर ले गए। दूसरी वारदात हनुमान मंदिर में हुई। हनुमान मंदिर से दानपेटी का ताला तोड़कर चोर रुपये ले गए। दोनों जगह चोर सीसीटीवी कैमरे में नजर आए हैं, लेकिन चोरों का कोई सुराग फिलहाल नहीं लगा है।
पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके चलते पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ढोली बुआ का पुल निवासी रीतेश कुमार पेशे से चार्टर्ड अकाउंटेंट हैं। उनका दफ्तर चेतकपुरी स्थित डी-1 कनाव विला में पहली मंजिल पर है। रात को दफ्तर पर ताला डालकर घर चले गए। इसी दौरान उनके दफ्तर में चोर घुसे और पांच हजार रुपये नकद, चांदी की मूर्तियां, चांदी के सिक्के, तीन डेस्कटाप, एक लैपटाप सहित अन्य सामान चोरी कर ले गए।
.jpg)
चोरी का पता तब लगा जब सुबह वह दफ्तर पहुंचे। कैमरे देखे तो इसमें चोर नजर आए। चोर दो बार यहां आए और दो बार में ही सामान समेट ले गए। झांसी रोड थाना पुलिस ने एफआइआर दर्ज कर ली है। बहोड़ापुर थाना क्षेत्र अंतर्गत उरवाई गेट के पास हनुमान मंदिर स्थित है। बीती रात मंदिर में आरती हुई।
इसके बाद मंदिर के पट बंद हो गए। आधी रात मंदिर में चोर घुस गए। चोर दानपेटी में से रुपये चोरी कर ले गए। सुबह मंदिर खुलने पर चोरी का पता लगा। फिर पुलिस को सूचना दी गई। जब सीसीटीवी कैमरे देखे गए तो इसमें चोर नजर आए। ये चोर मुंह पर कपड़ा बांधे हुए थे। पुलिस को आशंका है- कि चोर नशा करने के आदी होंगे।
.jpg)
बस स्टैंड पर छूटा गहनों से भरा बैग, पुलिस ने वापस दिलाया
- उत्तरप्रदेश के औरेया से ग्वालियर होते हुए खरगौन जा रहे संदीप कुमार सिंह गहनों से भरा बैग बस स्टैंड पर भूल गए। इसके बाद बस में सवार हो गए। जब बस थोड़े आगे बढ़ी तब उन्हें पता लगा। इसके बाद लौटकर आए। बस स्टैंड पर जहां सामान रखा था, वहां बैग नहीं मिला। वह पड़ाव थाने पहुंचे। सीएसपी अशोक जादौन ने पड़ाव थाना प्रभारी संतोष सिंह भदौरिया और उनकी टीम को पड़ताल में लगाया।
- बस स्टैंड के अंदर और बाहर तलाश की गई। तभी पुलिस को पता लगा कि फालूदा का ठेला लगाने वाले युवक को बैग मिला है। पुलिस उस तक पहुंची तो उसने कहा कि उसे बैग मिला था, लेकिन वह पुलिस को सूचना नहीं दे पाया था। उसके पास से बैग मिल गया। बैग के अंदर से गहने भी बरामद हो गए, जो पुलिस ने संदीप कुमार को लौटा दिए।



.jpg)

