Actress Munmun Sen’s husband Bharat Deb Verma passed away | एक्ट्रेस मुनमुन सेन के पति भारत देव वर्मा का निधन: शाही परिवार से ताल्लुक रखते थे, ममता बनर्जी ने शोक जताया
21 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एक्ट्रेस मुनमुन सेन के पति, राइमा सेन और रिया सेन के पिता भारत देव वर्मा का आज कोलकाता में निधन हो गया। आज 19 नवंबर को कोलकाता में भारत देब वर्मा ने अपने घर में सुबह करीब नौ बजे अंतिम सांस ली।
रिपोर्ट्स के मुताबिक भारत देव वर्मा की तबीयत बिगड़ते ही उन्हें अस्पताल ले जाने के लिए कोलकाता के ढाकुरिया स्थित एक प्राइवेट हॉस्पिटल से एम्बुलेंस बुलाई गई थी। एम्बुलेंस पहुंचने से पहले ही उनका निधन हो गया। वे 83 साल के थे।

पति के अचानक दुनिया से चले जाने से मुनमुन सेन पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। अपने पिता के निधन की खबर सुनते ही एक्ट्रेस राइमा सेन कोलकाता के लिए रवाना हो गई हैं। जब यह खबर मिली तब वे जयपुर में शूटिंग कर रही थीं।
पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने भारत देव वर्मा के निधन पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने ट्वीट किया, ‘मुनमुन सेन के पति और खुद मेरे बहुत बड़े शुभचिंतक भरत देव वर्मा के निधन से दुखी हूं। उनका निधन मेरे लिए बहुत बड़ी क्षति है।

भारत देव वर्मा शाही परिवार से ताल्लुक रखते हैं। वह त्रिपुरा के राजघराने से थे। भरत की मां इला देवी कूच बिहार की राजकुमारी थीं और जयपुर की महारानी गायत्री देवी की बड़ी बहन थीं। भरत की दादी इंदिरा वडोदरा के महाराजा सेरजी राव गायकवाड़ तृतीय की इकलौती बेटी थीं। उनकी शादी एक्ट्रेस मुनमुन सेन से हुई थी। वे एक्ट्रेस राइमा सेन और रिया सेन के पिता हैं।

