पहाड़ी कोरवा आवासीय विद्यालय के प्रभारी अधीक्षक अजीत कुमार नेताम बलरामपुर बाजार से रात्रि आठ बजे के करीब कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य धीरज सिंह देव के घर के सामने खड़ी पल्सर में कार ने टक्कर मार दी ।
By Asim Sen Gupta
Publish Date: Tue, 19 Nov 2024 11:50:16 PM (IST)
Up to date Date: Tue, 19 Nov 2024 11:50:16 PM (IST)
HighLights
- बलरामपुर के चांदो रोड पर हुआ हादसा
- पिकअप चालक घायल
- अनियंत्रित कार बिजली खंभा एवं एक लकड़ी से भी टकराई
नईदुनिया न्यूज,बलरामपुर : सोमवार की रात पहाड़ी कोरवा आवासीय विद्यालय के प्रभारी अधीक्षक अजीत कुमार नेताम की सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। उनकी कार की सामने से आ रही पिकअप से टक्कर हो गई। पिकअप चालक के पैर में गंभीर चोट आई है।
जानकारी के अनुसार पहाड़ी कोरवा आवासीय विद्यालय के प्रभारी अधीक्षक अजीत कुमार नेताम बलरामपुर बाजार से रात्रि आठ बजे के करीब कार से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान पूर्व जिला पंचायत सदस्य धीरज सिंह देव के घर के सामने खड़ी पल्सर में कार ने टक्कर मार दी जिसके बाद कार तेजी से चांदो रोड की ओर जाने लगी। अनियंत्रित कार बिजली खंभा एवं एक लकड़ी से भी टकराई। सामने से आ रही पिकअप से कार की टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार चालक अजीत कुमार नेताम की मृत्यु मौके पर ही हो गई वहीं पिकअप चालक के पैर में गंभीर चोट आई। घटना की सूचना मिलने पर हाईवे पेट्रोलिंग की टीम पहुंची।घायल को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। मिलनसार, व्यवहारिक एवं सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने वाले अजीत कुमार नेताम की आकस्मिक मृत्यु से ग्राम देवगई एवं ग्राम सिंदूर में शोक की लहर है। अजीत के माता-पिता सिंदूर गांव में रहते हैं वहीं अजीत ने अपना घर देवगई में बनाया था। जहां वे अपनी पत्नी एवं दो बच्चों के साथ रहते थे।
साइकिल की चेन चढ़ा रहा था बुजुर्ग, ट्रक ने कुचल दिया
नईदुनिया न्यूज, उदयपुर : सरगुजा जिले के उदयपुर थाना क्षेत्र के ग्राम डांड़गांव निवासी बुढ़िया राम (55) की रविवार की रात सड़क हादसे में मौत हो गई। दुर्घटना में शव के चिथड़े उड़ गए। शव को समेटना पड़ा। घटना के समय मृतक साइकिल की चैन चढ़ा रहा था।
मृतक बुढ़िया राम एक सप्ताह पूर्व सड़क दुर्घटना में मृत महिला उमा देवी का शोक पत्र बांटने सूरजपुर गए थे। शोक पत्र बांटकर लौटने के बाद वह बस से उतरकर अपनी साइकिल से घर जा रहे थे। रास्ते में द्वारिका यादव के घर से दूध लेने के बाद उनकी साइकिल का चैन उतर गया। चैन चढ़ाने के दौरान रायपुर से अंबिकापुर की ओर जा रही तेज रफ्तार सीमेंट लोड हाइवा ने उन्हें कुचल दिया। हाइवा चालक राजेंद्र सेंगर ने घटना के बाद वाहन समेत मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन उदयपुर पुलिस ने घटना स्थल से सात किलोमीटर दूर रामगढ़ ढाबा सोनतराई के पास वाहन को जब्त कर लिया।घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचित किया। उप निरीक्षक आभाष मिंज के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक राजनाथ सिंह और आरक्षक बीरेंद्र सिंह व प्रवीण सिंह की सक्रियता से वाहन को पकड़ लिया गया। बुढ़िया राम सूरजपुर से लौट रहे थे, जहां वह उमा देवी के शोक पत्र बांटने गए थे। यह हादसा उनके परिवार और गांव के लिए गहरा आघात है।घटना के बाद ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़कों पर तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण लगाने और यातायात सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की है।



.jpg)

