बहन से मिलकर लौट रहे युवक को तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, मौके पर मौत

युवक ग्राम रूनाहा में अपनी बहन की ससुराल उससे मिलने गया था। वहां से लौटते वक्त सड़क क्रॉस करते समय तेज रफ्तार कार उसे रौंदते हुए निकल गई। युवक भोपाल में एक ढाबे पर काम करता था।

By Anand dubey

Publish Date: Sat, 23 Nov 2024 10:09:19 AM (IST)

Up to date Date: Sat, 23 Nov 2024 10:09:19 AM (IST)

सड़क हादसे में मौत (प्रतीकात्मक चित्र)

HighLights

  1. रूनाहा गांव में हुई सड़क दुर्घटना।
  2. बागसेवनिया इलाके में रहता था युवक।
  3. हादसे के बाद चालक कार समेत फरार।

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल: नजीराबाद थाना इलाके के ग्राम रुनाहा में एक युवक को अज्ञात कार ने टक्कर मार दी। गुरुवार रात हुए इस हादसे में युवक की मौके पर ही मौत हो गई। युवक अपनी बहन से मिलने उसकी ससुराल पहुंचा था और वहां लौटकर घर जाने के लिए निकला था। वह सड़क क्रॉस कर रहा था, तभी तेज रफ्तार से आ रही एक कार ने उसे अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे के बावजूद चालक ने कार नहीं रोकी और वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले में जांच शुरू कर दी है। प्रमुख चौराहों पर लगे सीसीटीवी के फुटेज खंगालते हुए पुलिस अज्ञात कार के बारे में सुराग जुटा रही है।

गंजबासौदा का रहने वाला था युवक

नजीराबाद थाना पुलिस के मुताबिक 32 वर्षीय नीलेश सैनी मूलत: विदिशा के गंजबासौदा कस्बे का रहने वाला था। फिलहाल वह भोपाल के सूखीसेवनिया में इलाके में रह रहा था और एक ढाबे पर काम करता था। नीलेश की बड़ी बहन कमला ग्राम रुनाहा में रहती है। गुरुवार को दोपहर में नीलेश अपनी बहन से मिलने रुनाहा गया था।

रात करीब 11 बजे वह बहन के घर से वापस जाने के लिए निकला। वह बहन के घर के नजदीक ही सड़क पार कर रहा था। इस दौरान तेज रफ्तार कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। उसे लहूलुहान अवस्था में हमीदिया अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने चेक करने के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

अविवाहित था मृतक

मृतक युवक अविवाहित था। उसके भाई सुरेश सैनी ने बताया कि वह दो साल पहले काम-धंधे की तलाश में भोपाल आया था। यहां पर वह एक ढाबे पर तंदूरी रोटियां बनाने का काम करता था। उसकी शादी नहीं हुई थी। घरवाले उसके लिए लड़की तलाश रहे थे, उससे पहले ही हादसे के कारण उसकी मौत हो गई।