सरगुजा जिले के नगर पंचायत सीतापुर के उपाध्यक्ष परमेश्वर गुप्ता के घर लाखों की चोरी का राजफाश पुलिस ने कर दिया है। रिश्ते में नाती लगने वाले आयुष उर्फ रोशन उर्फ हिमांशु साहू (21) ने अपने दोस्त उमेश साहू उर्फ नानदाऊ (20)के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। दोनों बैकुंठपुर के छिंदडांड के रहने वाले हैं। घटनास्थल पर मिले सब्बल को जांच का आधार बनाकर पुलिस ने
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Fri, 22 Nov 2024 09:55:03 PM (IST)
Up to date Date: Fri, 22 Nov 2024 09:55:03 PM (IST)
नईदुनिया प्रतिनिधि, अंबिकापुर : सरगुजा जिले के नगर पंचायत सीतापुर के उपाध्यक्ष परमेश्वर गुप्ता के घर लाखों की चोरी का राजफाश पुलिस ने कर दिया है। रिश्ते में नाती लगने वाले आयुष उर्फ रोशन उर्फ हिमांशु साहू (21) ने अपने दोस्त उमेश साहू उर्फ नानदाऊ (20)के साथ मिलकर चोरी की घटना को अंजाम दिया था। दोनों बैकुंठपुर के छिंदडांड के रहने वाले हैं। घटनास्थल पर मिले सब्बल को जांच का आधार बनाकर पुलिस ने यह सफलता हासिल की। आरोपितों के पास से सात लाख 94 हजार 622 रुपये नकद सोने – चांदी के जेवरात समेत 16 लाख रुपये का सामान घटना में प्रयुक्त अपाचे मोटरसाइकिल तथा चोरी की रकम से खरीदा गया मोबाइल बरामद किया गया है।
नगर पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर गुप्ता के घर रविवार की रात चोरी हुई थी। वे परिवार के सदस्यों के साथ रिश्तेदार के यहां शादी में गए थे। चार घण्टे के भीतर चोरों ने पूरा घर खंगाल दिया था लेकिन घर के पीछे और आगे के प्रवेश द्वार में लगे चार सीसी कैमरों में संदिग्ध लोगों का चेहरा तक कैद नहीं हुआ था। दूसरी मंजिल की छत पर चढ़कर दरवाजे का ताला तोड़ चोर भीतर घुसे थे।इसी कारण यह लग रहा था कि घटना में कोई जानकर शामिल है। पुलिस अधीक्षक योगेश पटेल के साथ विशेष पुलिस टीम के सदस्यों ने जब घटनास्थल का निरीक्षण किया था तो चोरी में प्रयुक्त एक सब्बल बरामद हुआ था।
इसी सब्बल के सहारे पुलिस चोरों तक पहुंची। सब्बल नया था। उसमें मार्का लगा था। उसे कटवाया गया था। सीतापुर के हरेक हार्डवेयर दुकान में पूछताछ पर वैसा सब्बल बिक्री नहीं करने का पता चला। सीतापुर के नजदीक बतौली के एक हार्डवेयर दुकान संचालक ने सब्बल बिक्री करना बताया। उस दुकान में सीसी कैमरा था लेकिन खराब रहने के कारण संदिग्धों का पता नहीं चला। सब्बल को बतौली के ही एक दुकान में कटवाया गया था। उस दुकान में सीसी कैमरा चालू हालत में था लेकिन आरोपितों ने अपना चेहरा बांध रखा था।
चेहरा बांधे आरोपितों के सीसी कैमरे की तस्वीर से पुलिस ने उनकी पहचान की कोशिश की। किसी बाहरी व्यक्ति ने उन्हें नहीं पहचाना। तब पीड़ित परिवार के सदस्यों को ही उक्त तस्वीर दिखाई गई। संदिग्ध के कद काठी, कपड़े और जूते के आधार पर परिवार के लोगों ने नजदीकी रिश्तेदार आयुष साहू पर संदेह जताया। पुलिस टीम ने तत्काल उसे बैकुंठपुर के छिंदडांड स्थित घर के बाहर से पकड़ा। उसने अपने साथी उमेश साहू के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार किया। नगर पंचायत उपाध्यक्ष परमेश्वर गुप्ता के घर से जिस बैग में नकदी-जेवरात चोरी कर ले जाया गया था, उसी बैग से सारा सामान बरामद कर लिया गया।



.jpg)

