पुलिस विभाग के पहले 50 बिस्तर वाले अस्पताल का मुख्यमंत्री 23 को करेंगे शुभांरभ

भोपाल के भदभदा में मप्र पुलिस का अस्पताल बनकर तैयार हो गया है, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इसका शुभारंभ कर रहे है। यह पुलिस कर्मचारियों के लिए एक सौगात है। इस सर्वसुविधा युक्त अस्तपाल में कई सुविधाएं मौजूद है। इस अस्पताल में पुलिस कर्मचारी के अलावा उनके स्वजन भी उपचार करा सकते है।

By shashikant Tiwari

Publish Date: Tue, 19 Nov 2024 08:27:04 PM (IST)

Up to date Date: Tue, 19 Nov 2024 08:27:04 PM (IST)

मप्र पुलिस का अस्पताल।
(*23*)HighLights
  1. आठ डाक्टर नियुक्त, एक्सरे और सोनोग्राफी की भी रहेगी सुविधा।
  2. यहां डाक्टरों के 12 और पैरामेडिकल कर्मचारियों के 40 पद हैं।
  3. न्यूरोलाजिस्ट और हार्मोन रोग विशेषज्ञ भी विजिटिंग होंगे।

राज्य ब्यूरो, नईदुनिया भोपाल। मप्र पुलिस का पहला अस्पताल 23 नवंबर (शनिवार) से प्रारंभ होने जा रहा है। भोपाल के भदभदा क्षेत्र में यह अस्पताल बनाया गया है। मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव इसका शुभारंभ करेंगे। अस्पताल में 50 बिस्तरों की सुविधा रहेगी। एक्सरे सुविधा भी मिलेगी। सोनोग्राफी की सुविधा भी दी जाएगी। यहां डाक्टरों के 12 और पैरामेडिकल कर्मचारियों के 40 पद हैं। इनमें से आठ डाक्टर और 10 पैरामेडिकल कर्मचारियों की नियुक्ति हो चुकी है। शेष की नियुक्ति जल्द होगी। चार विजिटिंग डाक्टर भी सेवाएं देंगे।

अस्पताल का संचालन 25वीं वाहिनी विशेष सशस्त्र बल (विसबल) करेगा। 25वीं वाहिनी के सेनानी राजेश चंदेल ने बताया कि यहां स्त्री एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ और नेत्र रोग विशेषज्ञ की सेवाएं भी मिलेंगी। न्यूरोलाजिस्ट और हार्मोन रोग विशेषज्ञ भी विजिटिंग होंगे।

यानी वह सप्ताह में निर्धारित दिन व समय के लिए सेवाएं देने आएंगे। अस्पताल का लाभ पुलिसकर्मियों के साथ ही उनके स्वजन को भी मिलेगा। बता दें कि भोपाल से बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी कानून-व्यवस्था की ड्यूटी में होने से जिले के बाहर भी जाते हैं। ऐसे में उनके स्वजन को उपचार के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। ओपीडी पंजीयन शुल्क 10 रुपये रहेगा।