MP Climate Replace: सर्द हवाओं ने बढ़ाई सिहरन, मंडला में पारा 10.5 डिग्री पर पहुंचा

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पिछले दिनों उत्तर भारत में जमकर हुई बर्फबारी हुई थी। इस कारण पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान काफी कम बना हुआ है। इस वजह से मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट होने लगी है और तापमान और अधिक गिर सकता है।

By Anand dubey

Publish Date: Sat, 16 Nov 2024 08:41:13 PM (IST)

Up to date Date: Sat, 16 Nov 2024 08:47:45 PM (IST)

ठंड के दौरान जलते अलाव का दृश्य।

HighLights

  1. राजधानी में सीजन की सबसे सर्द रात।
  2. न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री दर्ज हुआ।
  3. रात के तापमान में और गिरावट के आसार हैं।

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। पिछले दिनों उत्तर भारत के पहाड़ों पर बर्फबारी हुई है। वर्तमान में हवाओं का रुख उत्तरी बना हुआ है। सर्द हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में सिहरन बढ़ गई है। रात के तापमान में गिरावट का सिलसिला शुरू हो गया है।

शनिवार को मैदानी क्षेत्रों में रात का सबसे कम 10.5 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में रिकार्ड हुआ। हिल स्टेशन पचमढ़ी में न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राजधानी में पारा 12.6 डिग्री सेल्सियस पर रहा। जो इस सीजन का सबसे कम तापमान है। मौसम विज्ञानियों के मुताबिक रात के तापमान में अभी और गिरावट होने की संभावना है।

मौसम विज्ञान केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक वर्तमान में एक पश्चिमी विक्षोभ पाकिस्तान के आसपास द्रोणिका के रूप में बना हुआ है। देश के पश्चिमोत्तर क्षेत्र में जेट स्ट्रीम (लगभग 13 किलोमीटर की ऊंचाई पर पश्चिम से पूर्व की तरफ 250 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से हवाओं का चलना) बना हुआ है।

मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्व वरिष्ठ मौसम विज्ञानी अजय शुक्ला ने बताया कि पिछले दिनों हुई बर्फबारी के बाद उत्तर भारत के पहाड़ी क्षेत्रों में न्यूनतम तापमान काफी कम बना हुआ है। वर्तमान में हवाओं का रुख उत्तरी बना हुआ है। इस वजह से मध्य प्रदेश में तापमान में गिरावट होने लगी है।

हालांकि हवाओं की रफ्तार काफी कम (दो से तीन किमी. प्रति घंटा) बनी रहने से तापमान में धीरे-धीरे गिरावट हो रही है। रविवार को पाकिस्तान के आसपास बने पश्चिमी विक्षोभ के आगे बढ़ जाने की संभावना है। उसके बाद दिन और रात के तापमान में और गिरावट होने के आसार हैं।