Margashirsha Month 2024: आज से शुरू हुआ मार्गशीर्ष माह, जानें व्रत-त्योहार से लेकर क्या है श्रीकृष्ण का इस महीने से संबंध

हिंदू कैलेंडर के अनुसार मार्गशीर्ष माह शुरू हो चुका है, जो विशेष रूप से भगवान श्री कृष्ण की पूजा और भक्ति के लिए महत्वपूर्ण है। इस माह में व्रत, उपासना, भगवद्गीता का पाठ और ध्यान करना लाभकारी होता है। तामसिक आहार से बचें। सत्य, अहिंसा और धर्म का पालन करें।

By Anurag Mishra

Publish Date: Sat, 16 Nov 2024 10:34:53 AM (IST)

Up to date Date: Sat, 16 Nov 2024 10:34:53 AM (IST)

मार्गशीर्ष माह से श्री कृष्ण का संबंध।

धर्म डेस्क, इंदौर। मार्गशीर्ष माह हिंदू कैलेंडर के अनुसार एक महत्वपूर्ण महीना है, जो नवंबर और दिसंबर के बीच आता है। यह माह विशेष रूप से धार्मिक क्रियाओं, व्रतों और पूजा-पाठ के लिए प्रसिद्ध है। इस माह में विशेष रूप से भगवान कृष्ण व माता लक्ष्मी की पूजा की जाती है। मार्गशीर्ष माह में पूर्वजों की शांति के पूजा की जाती है। इस दौरान तामसिक भोजन से दूरी बनाने और धर्म के रास्ते पर चलने का संकल्प लिया जाता है।

मार्गशीर्ष महीना कब से कब तक रहेगा?

  • यह कृष्ण पक्ष 16 नवंबर को प्रतिपदा तिथि से शनिवार सुबह 2:58 बजे शुरू हुआ।
  • शुक्ल पक्ष की पूर्णिमा तिथि 15 दिसंबर रविवार रात 11:50 बजे समाप्त होगा।

मार्गशीर्ष माह के व्रत-त्योहार की लिस्ट

तारीख व्रत-त्योहार
16 नवंबर 2024 वृश्चिक संक्रांति
18 नवंबर 2024 गणाधिप संकष्टी चतुर्थी
22 नवंबर 2024 कालभैरव जयंती
23 नवंबर 2024 कालाष्टमी
26 नवंबर 2024 उत्पन्ना एकादशी
28 नवंबर 2024 प्रदोष व्रत
29 नवंबर 2024 मासिक शिवरात्रि
30 नवंबर 2024 दर्श अमावस्या
06 दिसंबर 2024 विवाह पंचमी
07 दिसंबर 2024 चंपा षष्ठी
08 दिसंबर 2024 भानु सप्तमी
11 दिसंबर 2024 गीता जयंती और मोक्षदा एकादशी
12 दिसंबर 2024 मत्स्य द्वादशी
13 दिसंबर 2024 प्रदोष व्रत
14 दिसंबर 2024 दत्तात्रेय जयंती
15 दिसंबर 2024 धनु संक्रांति और मार्गशीर्ष पूर्णिमा

भगवान कृष्ण का मार्गशीर्ष माह से संबंध

हिंदू धर्म में मार्गशीर्ष माह को अत्यंत शुभ महीना माना गया है। भगवान श्री कृष्ण को यह महीना सबसे प्रिय है। उन्होंने खुद श्रीमद्भगवद्गीता के दसवें अध्याय के विभूति योग में कहा है कि “मासानां मार्गशीर्षोऽहम्”, अर्थात “साल के सभी महीनों में, मैं मार्गशीर्ष हूं।” ऐसे में मार्गशीर्ष माह को भगवान श्री कृष्ण का स्वरूप माना गया है।

इस माह के दौरान भगवान श्री कृष्ण के विभिन्न रूपों की पूजा होती है। यह समय विशेष रूप से भक्ति और साधना के लिए उपयुक्त माना जाता है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस माह में विधिपूर्वक किया व्रत, जाप और उपासना कई गुना अधिक फलदायी होता है। विशेषकर भगवद्गीता का पाठ और श्री कृष्ण के उपदेशों का अध्ययन इस समय अत्यधिक लाभकारी माना जाता है।

मार्गशीर्ष माह में भगवान श्री कृष्ण की उपासना करने से भक्तों को आध्यात्मिक उन्नति और मानसिक शांति मिलती है, जिससे उनके जीवन में सुख-समृद्धि और शांति का वास होता है। इस माह में श्री कृष्ण के प्रति भक्ति भाव और विश्वास को प्रगाढ़ किया जाता है।