Betul Crime Information: अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार पिता-पुत्र की मौत, नौ वर्षीय पोता घायल

बैतूल के पास के गांव के रहने वाले किसान ने अभी हाल में ही नई बाइक खरीदी थी, वह अपने पुत्र और पोते के साथ बाइक की पहली सर्विसिंग कराने आए थे। घर वापस लौटते समय यह दुर्घटना हुई है। इस घटना के बाद उनके गांव में मातम का पसरा है।

By Vinay Verma

Publish Date: Sat, 16 Nov 2024 07:45:39 PM (IST)

Up to date Date: Sat, 16 Nov 2024 07:46:04 PM (IST)

दुर्घटना में घायल हुआ नौ वर्षीय बालक।

HighLights

  1. बैतूल-इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग के दनोरा गांव के पास हुई दुर्घटना।
  2. पिता पुत्र और पोता नई बाइक की पहली सर्विसिंग कराने आए थे।
  3. पुलिस ने अज्ञात वाहन के खिलाफ मर्ग कायम कर जांच शुरू की।

बैतूल। बैतूल-इंदौर राष्ट्रीय राजमार्ग पर दनोरा गांव के पास शनिवार दोपहर में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक पर सवार पिता-पुत्र की मौत हो गई वहीं नौ वर्षीय नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। कोतवाली पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार झल्लार थाना क्षेत्र के ग्राम कास्या निवासी खुडू पांसे उम्र 55 वर्ष शनिवार को अपने बेटे बाबूलाल पांसे उम्र 32 वर्ष और नौ वर्षीय नाती श्रीराम को लेकर बाइक की सर्विसिंग कराने के लिए बैतूल आए थे।

दोपहर में बैतूल से घर वापस जाते समय दनोरा गांव के समीप चौराहे पर उनकी बाइक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। गंभीर चोट आने से घटनास्थल पर ही पिता-पुत्र की मौत हो गई जबकि नाती गंभीर रूप से घायल हो गया। डायल 100 की मदद से घायल अवस्था में बालक को जिलाअस्पताल में भर्ती कराया गया।

मृतकों के स्वजन ने बताया कि बाबूलाल ने 29 अक्टूबर को ही नई बाइक किश्त पर खरीदी थी। इसकी पहली सर्विसिंग कराने के लिए शनिवार को वे बैतूल आए थे और वापस जाते समय हादसे का शिकार हो गए। दोनों मृतक खेती किसानी का काम करते थे। पुलिस ने पोस्टमार्टम कराने के बाद दोनों के शव स्वजन को सौंपकर टक्कर मारने वाले अज्ञात वाहन की तलाश प्रारंभ कर दी है।