संदिग्ध हालात में दंपती की जलकर हुई थी मौत, प्रेम विवाह के बाद से परिवार में होता था विवाद, पुलिस को पीएम रिपोर्ट का इंतजार

मृतक दंपती ने तीन साल पहले प्रेम विवाह किया था। उनकी कोई औलाद नहीं थी। आए दिन होने वाले घरेलू विवाद के चलते दोनों एक हफ्ते पहले ही परिवार से अलग होकर बाजू के मकान में रहने लगे थे। पुलिस ने दोनों के शव बिस्तर से जली हुई अवस्था में बरामद किए थे।

By Ravindra Soni

Publish Date: Sat, 16 Nov 2024 12:58:23 PM (IST)

Up to date Date: Sat, 16 Nov 2024 01:09:45 PM (IST)

आग में जलकर मौत (इनसेट- मृतक दंपती)

HighLights

  1. परिवार से भी अलग रहने लगे थे दंपती।
  2. खुदकुशी की ओर इशारा कर रहे हालात।
  3. गैस सिलेंडर व बाइक घर से बाहर रखे।

नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। जाटखेड़ी इलाके की नई बस्ती में आग से जलकर संदिग्ध अवस्था में मृत मिले दंपती के स्वजनों ने खुदकुशी की शंका जाहिर की है। पत्नी के स्वजन का स्पष्ट रूप से कहना है कि दोनों ने प्रेम विवाह किया था, जिसके बाद से ही घर में विवाद होता था। वहीं एक सप्ताह पहले दोनों अपने परिवार से अलग होकर बाजू में एक मकान में रहने लगे थे। आशंका है कि रोजाना के विवाद से परेशान होकर दोनों ने आत्मघाती कदम उठा लिया।

वहीं घटना से पहले मृतक पति ने रसोई गैस का सिलेंडर और अपनी बाइक को घर से बाहर रख दिया था। स्वजनों और पड़ोसी अनुमान लगा रहे हैं कि ऐसा उन्होंने इसलिए किया ताकि आग से कोई बड़ा हादसा न हो और पड़ोस में रह रहे उनके परिवार को आग प्रभावित न करे। इधर पुलिस इस मामले में आगे की कार्रवाई के लिए पीएम रिपोर्ट और एफएसएल रिपोर्ट का इंतजार कर रही है।

naidunia_image

तीन साल पहले हुआ था विवाह

  • 26 वर्षीय सतीश बिराड़े और 24 वर्षीय आम्रपाली बिराड़े दूर के रिश्तेदार थे। आम्रपाली महाराष्ट्र के नांदुड़ा की रहने वाली थी। तीन साल पहले दोनों का प्रेम विवाह हुआ था। उनकी कोई औलाद नहीं थी। आम्रपाली की बहन अश्विनी ने बताया कि दीदी का परिवार में झगड़ा होता था। यह बात कई बार उन्होंने घर में हमें भी बताई थी।
  • सतीश की भाभी रेशमा ने बताया कि सास-बहू के बीच कई बार विवाद हो जाता था। एक सप्ताह पहले ही दोनों अलग हो गए थे और पड़ोस वाले मकान में अकेले रहने लगे थे। हालांकि, उनका घर आना-जाना होता था। घटना से एक दिन पहले ही हम सभी एक साथ सलकनपुर दर्शन करने गए थे।

घटना के दौरान यह थी घर की स्थिति

घटना के दौरान घर का दरवाजा अंदर से बंद नहीं था। बाहर लगा कैमरा बंद था और उसके तार कटे हुए थे। घर के भीतर रखा हुआ गैस सिलेंडर और बाइक भी बाहर मिले थे। कमरे में फ्रिज और कुछ अन्य सामान था, जो कि पूरी तरह से जला हुआ मिला था। दोनों के शव पलंग पर बुरी तरह जली अवस्था में मिले थे।