क्रूरता की हद; आठ कुत्तों के पैर बांध पानी में डुबाकर मारा, सड़क पर पड़े मिले शव

खरगोन के कसरावद में मोगावां मार्ग पर 8 श्वानों की क्रूरतापूर्ण हत्या की गई। श्वानों के पैर बांधकर उन्हें पानी में डुबोकर मारा गया। मामले में प्रशासन की लापरवाही सामने आई, क्योंकि शवों का पोस्टमार्टम नहीं किया गया। स्थानीय संगठन मामले की जांच की मांग कर रहे हैं।

By Neeraj Pandey

Publish Date: Sat, 16 Nov 2024 07:47:05 PM (IST)

Up to date Date: Sat, 16 Nov 2024 07:48:23 PM (IST)

कुत्तों को पैर बांध पानी में डुबाए जाने का संदेह: Generated by Meta AI

HighLights

  1. पैर बांधकर आठ कुत्तों को पानी में डुबोया मारा
  2. कसरावद के मोगावां मार्ग पर कुत्तों के शव मिले
  3. श्वानों के मुंह से झाग, नहीं थे चोट के निशान

नईदुनिया प्रतिनिधि, खरगोन: सबसे वफादार प्राणियों में गिने जाने वाले कुत्तों की क्रूरतापूर्ण हत्या की गई है। कसरावद के मोगावां मार्ग पर आठ कुत्तों के शव एक साथ मिले हैं, इन कुत्तों के पैर बांधे गए थे। साथ ही शरीर से पानी गिर रहा था। इससे लगता है कि पहले कुत्तों के पैर बांधे गए हैं फिर उन्हें पानी में डुबोकर मारा गया है। इसके बाद इस मार्ग पर फेंका गया है। कुत्तों का शव पाए जाने के बाद पोस्टमार्टम भी नहीं कराया है और गड्ढा खोदकर दफना दिया गया है।

कुत्तों के मुंह से झाग

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को सुबह मोगावां मार्ग पर कुत्तों के शव देखकर एक दूसरे को जानकारी दी। किसान राजेंद्र बांगा ने बताया कि एक दूसरे के पैरों को रस्सी से बांधा गया था। कुत्तों के मुंह से झाग भी निकल रहा था, लेकिन शरीर में कोई चोट के निशान नहीं थे। मामले के बाद नगर परिषद के सफाई कर्मचारियों ने कुत्तों के शवों को गड्ढा खोदकर दफना दिया है।

मामले में एसडी़ओपी मनोहर गवली का कहना है कि शिकायत मिलती तो हम जांच करते। इसमें हम पशु चिकित्सक के माध्यम से पोस्टमार्टम किया जाता है। इसमें पानी डूबने या जहर सहित अन्य कारणों का पता चल जाता। मामले को स्थानीय प्रशासन गंभीर नहीं हैं।

मामले को लेकर कर्तव्य जीव आश्रय की संचिता रघुवंशी का कहना है कि रविवार को कसरावद जाएंगे। वहां जानकारी लेकर शिकायत करेंगे। मामले में एसडीएम सत्येंद्र बैरवा का कहना है कि मुझे जानकारी नहीं हैं। अधिकारियों से जानकारी लेंगे।