Accident in Budaun: यूपी के बंदायू में दीपावली के दिन बड़ा सड़क हादसा, 6 लोगों की मौत
उत्तर प्रदेश के बंदायू जिले में लोग दीपावली मनाने के लिए टेंपो से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान रास्ते में टेंपो एक ट्रैक्टर से टकरा गया और 6 लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं। हादसे में घायल लोगों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
By Prashant Pandey
Publish Date: Thu, 31 Oct 2024 11:20:34 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 31 Oct 2024 11:44:54 AM (IST)

HighLights
- नोएडा से मजदूरी करके गांव लौट रहे थे परिवार।
- हादसे में एक ही परिवार के चार लोगों की मौत।
- सूचना मिलने के बाद डीएम और पुलिस पहुंची।
नईदुनिया न्यूज नेटवर्क, बंदायू(Accident in Budaun)। उत्तर प्रदेश के बंदायू जिले में दीपावली के दिन आज सुबह एक बड़ा सड़क हादसा हो गया। इस घटना में 6 लोगों की मौत हो गई और 3 लोग गंभीर घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक लोग टेंपो से दीवाली मनाने के लिए अपने गांव लौट रहे थे।
इसी दौरान मुजरिया चौराहे के नजदीक टेंपो की एक ट्रैक्टर से जोरदार टक्कर हो गई। वाहनों की रफ्तार इतनी तेज थी कि मौके टेंपो में सवार 6 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घायलों में से कुछ लोग बेहोश हो गए थे।
आस-पास मौजूद लोगों ने घायलों को बाहर निकाला और घटना की सूचना पुलिस और एंबुलेंस को दी। इसके बाद घायलों को पास के अस्पताल में ले जाया गया। टक्कर में कई लोगों को गंभीर चोट आई है। जानकारी के मुताबिक मरने वालों में दो मासूम बच्चे भी शामिल हैं।
मजदूरी कर घर लौट रहे थे परिवार

जानकारी के मुताबिक टेंपो में सवार लोग नोएडा में मजदूरी कर दीपावली मनाने के लिए लौट रहे थे। एक ही पल में उनकी सारी खुशियां मातम में बदल गई। जानकारी के मुताबिक हादसा मुजरिया थाना इलाके में सहसवान-दिल्ली नेशनल हाईवे पर हुआ। टेंपो तेज रफ्तार में था, इसी दौरान उसके सामने एक बाइक सवार आ गया।
बाइक सवार को बचाने में टेंपो ड्राइवर ने गाड़ी मोड़ और वह ट्रैक्टर से टकरा गई। घटना में एक ही गांव के दो लोग और एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई। इसमें दो बच्चे भी शामिल हैं। सभी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अधिकारी पहुंचे मौके पर
बंदायू जिले में हुए इस बड़े सड़क हादसे की सूचना मिलने के बाद जिले के डीएम और एसएसपी सहित पुलिस के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। इन्होंने सभी घायलों से उनका हाल भी जाना।
टक्कर के बाद आई थी धमाके जैसी आवाज
मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक दोनों वाहन बहुत ही तेज रफ्तार में थे। टक्कर के बाद तेज धमाके जैसी आवाज आई। हादसे में बाइक सवार भी घायल हो गया, जिसे बचाने के लिए टेंपो ड्राइवर ने गाड़ी मोड़ी थी। आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। दीपावली पर हुए इस हादसे को जिसने भी देखा उसका दिल दहल गया।

