इंदौर के मल्हारगंज स्थित युगपुरुष आश्रम की जांच के दौरान पता चला कि दूषित पानी भी बच्चों के बीमार होने की वजह है। पता चला है कि आश्रम में लंबे समय से बच्चे दूषित पानी का ही सेवन कर रहे हैं। आश्रम में दूषित खानपान के कारण ही बड़ी संख्या में बच्चे बीमार हुए।
By Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Fri, 05 Jul 2024 06:53:04 AM (IST)
Up to date Date: Fri, 05 Jul 2024 06:53:04 AM (IST)
HighLights
- दूषित पानी पीने से ही बीमार हुए थे युगपुरुष आश्रम में बच्चे।
- युगपुरुष आश्रम के 12 बच्चों के हैजा से पीड़ित होने की पुष्टि।
- बड़ी लापरवाही : पीने के पानी के चार में से तीन नमूने फेल।
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। शहर के मल्हारगंज स्थित युगपुरुष आश्रम में बच्चों के बीमार होने का कारण दूषित पानी सामने आया है। बच्चों में हैजा की पुष्टि हो रही है। प्रशासनिक अधिकारियों ने आश्रम से पानी की जांच के लिए चार नमूने लिए थे। इनमें से तीन नमूने दूषित पाए गए।
जांच में यह भी सामने आया है कि यह पानी पीने योग्य नहीं है, लेकिन आश्रम में यही पानी लंबे समय से बच्चों को पिलाया जा रहा था। पानी में ई-कोली बैक्टीरिया पाया गया है। इसमें हैजा के बैक्टीरिया की भी जांच की जा रही है।जानकारी के अनुसार एमजीएम मेडिकल काॅलेज की लैब रिपोर्ट में भी गुरुवार को 12 बच्चों में हैजा की पुष्टि की गई है।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा लिए गए स्टूल के नमूनों में भी 15 वर्षीय एक बच्चे में हैजा की पुष्टि हुई है। इससे पहले बुधवार को भी तीन बच्चों में हैजा की पुष्टि हुई थी। दूषित खानपान के कारण ही बड़ी संख्या में बच्चे बीमार हुए थे। गुरुवार को भी 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ी, तो उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया। अस्पताल में भर्ती सभी बच्चों में हैजा के लक्षण नजर आ रहे हैं।
इनका कहना है
12 बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद उन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है। भर्ती अन्य बच्चों का उपचार विशेषज्ञों द्वारा किया जा रहा है।
– डाॅ. संजय दीक्षित, डीन, एमजीएम मेडिकल कालेज, इंदौर