Hurricane Beryl: जमैका में तबाही मचाने के बाद तूफान बेरिल मेक्सिको की ओर बढ़ रहा है। तूफान के कारण छह लोगों की मौत हो गई। शुक्रवार को तूफान के मेक्सिको से गुजरेगा और शक्तिशाली रहेगा।
By Kushagra Valuskar
Publish Date: Thu, 04 Jul 2024 10:05:57 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 04 Jul 2024 10:05:57 PM (IST)
HighLights
- बेरिल ने कैरेबियाई द्वीप में तबाही मचाई।
- मेक्सिको में इससे बचाव की हो रही तैयारी।
- यह 32 किमी प्रति घंटे की गति से बढ़ रहा।
प्लाया डेल कारमेन, एपी। Hurricane Beryl: जमैका और कैरेबियन में तबाही मचाने के बाद तूफान बेरिल मेक्सिको की तरफ बढ़ रहा है। तूफान की भयावहता इतनी खतरनाक थी कि इसके सामने छतें तक नहीं टिक सकी। केमैन द्वीप की तरफ बढ़ने से पहले सेंट विसेंट और ग्रेनेडाइंस में कई द्वीपों पर घर क्षतिग्रस्त हो गए।
लोगों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया
तूफान बेरिल को ध्यान में रखते हुए मेक्सिको के कैरेबियाई तट पर आश्रय स्थाल तैयार किए जा रहे हैं। तटीय इलाकों में रहने वालों लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया। हालांकि प्लाया डेल कारमेन और टुलम में पर्यटक अब तक मौजूद हैं।
32 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से आगे बढ़ा
मेक्सिसो की नेवी ने टुलम में गश्त की और लोगों को तूफान को लेकर आगाह किया। बेरिल का केंद्र गुरुवार को मेक्सिको के टुलम से करीब 800 किलोमीटर दक्षिण पूर्व था। 205 किमी प्रति घंटे की स्पीड से हवाएं चल रही थीं। यह 32 किमी प्रति घंटे की गति से बढ़ रहा है।
शुक्रवार को टकराने की आशंका
अनुमान है कि शुक्रवार को बेरिल तूफान टुलम के साउथ में लैगून और मैंग्रोव में टकराएगा। फिर इसके युकाटन प्रायद्वीप को पार करने और मेक्सिको के उत्तर-पूर्वी तट पर टकराने की आशंका है।
बेरिल को कैरेबियन में भीषण तूफान की कैटेगरी में रखा गया है। बारबाडोस के अलावा कैरेबियाई द्वीपों ग्रेनेडा, सेंट लूसिया, सेंट विसेंट और ग्रेनेडाइन द्वीप में तूफान का अलर्ट जारी किया गया था। प्रशासन ने लोगों से घरों से बाहर नहीं निकलने की अपील की। बेरिल के कारण बिजली और पानी की सप्लाई प्रभावित हुई है। कई मकानों की छत उड़ गई और पेड टूट गए हैं।