खजूरी सड़क इलाके में राजीव नगर टपरा के पास एक लोडिंग आटो पलट गया। उसमें चालक समेत दो युवक सवार थे। चालक वक्त रहते बाहर कूद गया। साथी युवक लोडिंग आटो के नीचे दबकर बुरी तरह घायल हो गया। अस्पताल में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
By Anand dubey
Publish Date: Thu, 04 Jul 2024 04:37:19 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 04 Jul 2024 04:37:19 PM (IST)
HighLights
- ग्राम धामनिया के पास हुआ था हादसा।
- ग्राम पाटनिया का रहने वाला था मृतक।
- लोडिंग आटो चालक को आई मामूली चोट।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। खजूरी सड़क थाना इलाके में बुधवार रात सड़क पर अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने के चक्कर में एक लोडिंग आटो बेकाबू होकर पलट गया। हादसे में आटो में सवार एक युवक की मौत हो गई। इस दौरान चालक आटो से बाहर कूद गया। इससे उसकी जान बच गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
खजूरी सड़क थाना पुलिस के मुताबिक 20 वर्षीय शब्बीर पुत्र सादिक खान ग्राम पाटनिया में परिवार के साथ रहता था। वह अपने रिश्तेदार खलील खान के साथ उसके लोडिंग आटो पर काम करता था। बुधवार रात दोनों आटो से अपने घर लौट रहे थे। खलील आटो चला रहा था, जबकि उसके बायीं तरफ शब्बीर भी सीट पर बैठा था।
रात करीब साढ़े आठ बजे ग्राम धामनिया के पास राजीव नगर टपरा के पास पहुंचे थे, तभी आटो के सामने एक कुत्ता आ गया। उसे बचाने के लिए खलील ने अचानक आटो मोड़ दिया। इस दौरान आटो अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे उतरकर बायीं तरफ पलट गया।
हादसे के दौरान खलील तो कूदकर आटो से बाहर निकल आया, लेकिन शब्बीर आटो के नीचे दब गया। आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे आटो के नीचे से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। वहां कुछ देर तक चले उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में खलील को मामूली चोट लगी हैं।
कुएं में डूबने से मौत
बैरसिया थाना पुलिस के मुताबिक 20 वर्षीय विजय पुत्र धन सिंह मीना ग्राम बैजाखेड़ी में परिवार के साथ रहता था। दो दिन पहले वह कुएं में गिर गया था। स्वजन ने कुएं से निकालकर उसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया था। इलाज के दौरान बुधवार रात उसकी मौत हो गई।