कांग्रेस के वरिष्ठ नेता जयराम रमेश ने गुरुवार को एक इंटरव्यू में कहा कि राज्यों के चुनाव में आइएनडीआइए का कोई एक फार्मूला तय नहीं किया गया है। कांग्रेस और अन्य अन्य दलों ने राज्यों में सामूहिक रूप से लड़ने का फैसला किया है। झारखंड और महाराष्ट्र में आइएनडीआइ साथ मिलकर चुनाव में उतरेगा। पंजाब में कोई गठबंधन नहीं है।
By Anurag Mishra
Publish Date: Thu, 04 Jul 2024 11:21:27 PM (IST)
Up to date Date: Thu, 04 Jul 2024 11:21:27 PM (IST)
HighLights
- कांग्रेस नेता ने कहा-विधानसभा में आइएनडीआइए का हर राज्य में अलग फार्मूला।
- जयराम रमेश बोले- महाराष्ट्र-झारखंड में विपक्षी गठबंधन भाजपा का करेगा सामना।
एजेंसी, नई दिल्ली। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव जयराम रमेश ने दिल्ली-हरियाणा विधानसभा चुनाव में आईएनडीआईए गठबंधन के भविष्य पर एक इंटरव्यू में बात की। उन्होंने कहा कि अब कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) साथ नहीं है। हमारे बीच दिल्ली और हरियाणा विधानसभा चुनाव के लिए गठबंधन नहीं हुआ है। महाराष्ट्र और झारखंड में आइएनडीआइए गठबंधन रहेगा।
आइएनडीआइए का हर राज्य में अलग फार्मूला: जयराम रमेश
जयराम रमेश ने गुरुवार को एक इंटरव्यू में कहा कि हर राज्य की अपनी अलग राजनीतिक स्थिति है। झारखंड और महाराष्ट्र में विपक्षी गठबंधन साथ मिलकर चुनाव लड़ेगा। इन राज्यों में हमारी सहमति पहले से ही बन चुकी है। दिल्ली और पंजाब में कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ेगी। कांग्रे और आप का कोई गठबंधन नहीं है।
विधानसभा चुनाव में आप और कांग्रेस एक-दूसरे के खिलाफ उतरेंगे
लोकसभा चुनाव के दौरान आप का गठबंधन कांग्रेस से हुआ था। हरियाणा में कांग्रेस ने आप को एक लोकसभा सीट लड़ने के लिए दी थी। राज्य विधानसभा चुनाव बिल्कुल अलग है। दिल्ली और हरियाणा में हम विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं छोड़ने वाले हैं। पंजाब में लोकसभा चुनाव के दौरान हम अलग-अलग चुनाव लड़े थे।
उन्होंने कहा कि बंगाल में कम्यूनिस्ट पार्टी के साथ लोकसभा चुनाव के लिए गठबंधन किया था। हम यह तय कर रहे हैं कि विपक्षी दलों में से कोई भी दल हमारे साथ आना चाहेगा, तो उसका स्वागत करेंगे। महाराष्ट्र में कांग्रेस, शिवसेना (यूबीटी) और राकांपा (एससीपी) साथ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। झारखंड में झारखंड मुक्ति मोर्चा और कांग्रेस साथ हैं।