Bilaspur Information: नगर निगम की बदइंतजामी बनी वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब

तकरीबन एक महीने पहले श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ के पास सड़क पर बिछाई गई मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जब निगम के कर्मी नई पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहे थे।

By Yogeshwar Sharma

Publish Date: Thu, 04 Jul 2024 12:39:51 AM (IST)

Up to date Date: Thu, 04 Jul 2024 12:39:51 AM (IST)

Bilaspur News: नगर निगम की बदइंतजामी बनी वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब
वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

नईदुनिया न्यूज, बिलासपुर। नगर निगम की कार्यप्रणाली अक्सर शहरवासियों के सिरदर्द साबित होता है। ऐसा ही कुछ व्यापार विहार स्मार्ट रोड से श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ पर किया गया है। वहां एक महीने से सड़क पर गड्ढा छोड़ दिया गया। जबकि यह शहर के सबसे व्यस्ततम सड़क में से एक है। ऐसे में इस गड्ढे की वजह से दो व चार पहिया वाहन चालकों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

तकरीबन एक महीने पहले श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ के पास सड़क पर बिछाई गई मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई थी। जब निगम के कर्मी नई पाइपलाइन बिछाने का काम कर रहे थे। ऐसे में क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की मरम्मत के लिए सड़क को तकरीबन 12 फीट गहराई और 10 फीट चौड़ाई तक खोदा गया, लेकिन काम पूरा होने के बाद गड्ढे में मिट्टी डालकर निगमकर्मी चले गए और सड़क एक ही दिन में धंस गई। इसके बाद वाहनों की आवाजाही में परेशानी हो रही है। वाहनों के चलने से गड्ढा बढ़ता जा रहा है। अभी हालत इतनी खराब है कि पुलिस वालों को बेरीकेड लगाना पड़ रहा है। लेकिन हो रही समस्या के बाद भी नगर निगम इस ओर ध्यान नहीं दे रहा है और लोग परेशान हो रहे हैं। वही अब मानसून भी आ चुका है और वर्षा की वजह से गडडा और बढ़ेगा। तब लोगों को और ज्यादा परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

प्रभावित हो रहा सिग्नल सिस्टम

इस चौक पर यातायात संचालन के लिए ट्रैफिक सिग्नल लगाया गया है, लेकिन इस गड्ढे ने पूरे सिस्टम को फेल कर दिया है। महाराणा प्रताप चौक की ओर से आने वाली गाड़ियों के लिए श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ में लेफ्ट साइड फ्री है, लेकिन ठीक उसी जगह सड़क पर गडडा छोड़ दिया गया है। ऐसे में लेफ्ट साइड जाने वाले वाहनों को जगह नहीं मिलती है। इसी तरह व्यापार विहार की ओर से आकर श्रीकांत वर्मा मार्ग मोड़ में मुड़ने वाली गाडि़यों को भी आगे जाने में इस गड्ढे की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।