सागर में गिरफ्तारी के बाद दुष्कर्म का आरोपित पुलिस की चलती गाड़ी से कूद गया, जिससे उसका पैर टूट गया। पुलिस आरोपित को थाने की कार में बैठाकर न्यायालय में पेश करने के पूर्व मेडिकल टेस्ट के लिए जिला अस्पताल ले जा रही थी इसी दौरान भागने की कोशिश की।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 05:53:31 PM (IST)
Up to date Date: Tue, 02 Jul 2024 09:23:01 PM (IST)
HighLights
- पुलिस आरोपित को मेडिकल टेस्ट के लिए ले जा रही थी अस्पताल
- दुष्कर्म का आरोपित चलती गाड़ी से कूदा, अब अस्पताल में भर्ती
- युवक पर नाबालिग को बहला कर दुष्कर्म का है आरोप
नवदुनिया प्रतिनिधि, सागर: बहेरिया थाना क्षेत्र में गिरफ्तारी के बाद दुष्कर्म का आरोपित चलती गाड़ी से कूद गया। हादसे में आरोपित का एक पैर टूट गया, जिसे मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया है। वहीं पुलिस ने आरोपित के खिलाफ मकरोनिया थाना में पुलिस अभिरक्षा से भागने का मामला कायम कराया है। दुष्कर्म के आरोप में पुलिस की अभिरक्षा से भागने का यह दूसरा मामला है। हाल ही में पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पूछताछ के दौरान भी रात में एक आरोपित ने भागते समय छत से छलांग लगा ली थी, जिसमें उसका पैर टूट गया था।
जानकारी के अनुसार बहेरिया थाना में अपने मामा के यहां आई 17 वर्षीय नाबालिग 16 मार्च को बगैर बताए कहीं चली गई थी। स्वजन की शिकायत पर पुलिस ने बहेरिया थाना में शिकायत की थी, जिसके बाद पुलिस ने अज्ञात व्यक्ति द्वारा लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने का मामला कायम किया गया था। पिछले सप्ताह ही पुलिस ने लड़की को भगा कर ले जाने वाले बंडा थाना क्षेत्र के प्रहलादपुरा निवासी जसवंत पिता गोवर्धन अहिरवार को इंदौर से गिरफ्तार कर लड़की को बरामद कर लिया।
आरोपित लड़की को शादी का झांसा देकर उसे अपने साथ ले गया था, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। लड़की के बयान के बाद पुलिस ने आरोपित पर पास्को एक्ट सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला कायम किया। इसके बाद रविवार दोपहर के समय को पुलिस आरोपित को थाने की कार में बैठाकर न्यायालय में पेश करने के पूर्व मेडिकल टेस्ट के लिए जिला अस्पताल ले जा रही थी।
थाने से अस्पताल जाते समय जैसे ही पुलिस की कार मकरोनिया फ्लाइओवर के नीचे उतरी वैसे ही आरोपित बंसल हास्पिटल के पास चलती गाड़ी से कूद गया। पुलिस ने कार रोकी और जसवंत को उठाया। चलती कार से कूदने के कारण आरोपित जसवंत को गंभीर चोटें आई।
पुलिस तुरंत उसे अपनी गाड़ी में बैठाकर बुंदेलखंड मेडिकल कालेज के अस्पताल लेकर पहुंची, जहां उसे भर्ती कर इलाज कराया जा रहा है।पुलिस अभिरक्षा से भागने पर आरक्षक सोनू गौतम ने मकरोनिया थाना में आरोपित जसवंत पर धारा आईपीसी की धारा 224, 353 के तहत मामला कायम कराया है।




.jpg)
