जिले के लोरमी विकासखंड के ग्राम गोड़खाम्ही के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्य पुस्तक वितरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन की सफलता का पहला राज अनुशासन है।
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Wed, 03 Jul 2024 12:00:21 AM (IST)
Up to date Date: Wed, 03 Jul 2024 12:00:21 AM (IST)
HighLights
- गोडखाम्ही में विकासखंड स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हुए डिप्टी सीएम साव
- शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में प्रवेशोत्सव मनाया गया
- छात्रों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी गई
नईदुनिया न्यूज, मुंगेली : जिले के लोरमी विकासखंड के ग्राम गोड़खाम्ही के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विकासखंड स्तरीय शाला प्रवेश उत्सव कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नव प्रवेशित विद्यार्थियों को गणवेश और पाठ्य पुस्तक वितरण किया। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि जीवन की सफलता का पहला राज अनुशासन है।
इसके साथ ही कक्षा दसवीं व बारहवीं बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले, राष्ट्रीय बाक्सिंग प्रतियोगिता और स्काउट गाइड एडवेंचर मनाली में भाग लेने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया। उप मुख्यमंत्री साव ने विधायक निधि से विद्यालय परिसर में शेड निर्माण के लिए 10 लाख रुपए देने की घोषणा की। उन्होंने स्कूल परिसर में आम का पौधा का रोपण किया और पर्यावरण को हरा-भरा रखने पौधारोपण करने का संदेश दिया। सभी विद्यार्थी पूरी लगन और मेहनत के साथ अनुशासित होकर समर्पण भाव से पढ़ाई करें। जिस प्रकार एक उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाला विद्यार्थी मेहनत करता है, उतना ही मेहनत सभी विद्यार्थियों को करना चाहिए। हर मां-बाप अपने बच्चे को अच्छी शिक्षा देने का प्रयास करता है। स्कूल से ही हमारी नींव का निर्माण होता है। हमें अपने मां-बाप और गुरुओं का सम्मान अवश्य करना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ स्वस्थ रहने के लिए खेलकूद करने के लिए भी प्रेरित किया।
डिप्टी सीएम साव ने कहा कि जिस तरह भारत के पूर्व राष्ट्रपति डा़. एपीजे. अब्दुल कलाम ने एक छोटे से जगह से देश के राष्ट्रपति तक का सफर तय किया। उसी तरह विद्यार्थियों को अपने लक्ष्य के अंतिम छोर तक पहुंचने का प्रयास करना चाहिए। जिस क्षेत्र में जाए उसमें अपना शत-प्रतिशत दीजिए। कार्यक्रम में स्कूल की व्याख्याता दुर्गा तिवारी ने उप मुख्यमंत्री को उनके सम्मान में लिखी हुई कविता भेंट की। छात्र-छात्राओं द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गई। इस अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं, स्कूली बच्चे और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।