मप्र युवा कांग्रेस के अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह की अगुआई में बोर्ड ऑफिस चौराहे पर मंगलवार सुबह शुरू किया सत्याग्रह। एक दिन पहले भी कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने इस मुद्दे को लेकर प्रदर्शन करते हुए तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के बंगले का घेराव किया था।
By Madanmohan malviya
Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 12:59:20 PM (IST)
Up to date Date: Tue, 02 Jul 2024 12:59:20 PM (IST)
HighLights
- तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के इस्तीफे की मांग कर रही कांग्रेस।
- कांग्रेस का आरोप, नर्सिंग कॉलेज घोटाले की वजह से हजारों छात्रों का भविष्य बर्बाद।
- व्यापंम सरीखे इस घोटाले की वजह से देशभर में खराब हुई मध्य प्रदेश की छवि।
नवदुनिया प्रतिनिधि, भोपाल। मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने बहुचर्चित नर्सिंग घोटाले के विरोध में बोर्ड ऑफिस चौराहे पर 24 घंटे का सत्याग्रह शुरू कर दिया है। सत्याग्रह स्थल पर पीसीसी चीफ जीतू पटवारी भी पहुंच गए हैं। यहां पर युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मितेंद्र दर्शन सिंह की अगुआई में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ता सत्याग्रह कर रहे हैं। उनका कहना है कि नर्सिंग कॉलेज घोटाला मामले में सरकार छोटे कर्मचारियों पर कार्रवाई कर रही है। इस मामले में बड़े अधिकारियों और जिम्मेदार मंत्री को छोड़ा जा रहा है। मंत्री का इस्तीफा लिया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेताओं का आरोपि है कि इस नर्सिंग कॉलेज घोटाले की वजह से हजारों नर्सिंग छात्रों का भविष्य बर्बाद हुआ है। वहीं व्यापमं के बाद नर्सिंग का इतना बड़ा घोटाला सामने आने के बाद देश भर में मप्र की छवि खराब हुई है। यदि सरकार जिम्मेदारों पर कार्रवाई नहीं करेगी तो आने वाले समय में भी घोटाले नहीं रुकेंगे।
कल किया था मंत्री के बंगले का घेराव
गौरतलब है कि इस मुद्दे को लेकर विपक्षी दल कांग्रेस प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ लगातार हमलावर है। सोमवार को विधानसभा का मानसून सत्र शुरू होते ही कांग्रेस विधायकों ने स्थगन प्रस्ताव लाते हुए सदन में इस पर तुरंत चर्चा की मांग करते हुए हंगामा किया था। वहीं सदन के बाहर भी कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन करते हुए तत्कालीन चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग के बंगले का घेराव किया था। विश्वास सारंग फिलहाल सहकारिता, खेल व युवा कल्याण मंत्री हैं। कांग्रेस नर्सिंग कालेज घोटाले की निष्पक्ष जांच कराने और मंत्री सारंग के इस्तीफे की मांग कर रही है।



.jpg)

