MP Information: इंदौर के अनाथ आश्रम में दो बच्‍चों की मौत, 10 अन्‍य बीमार, खून में संक्रमण की आशंका

MP Information: इंदौर के अनाथ आश्रम में दो बच्‍चों की मौत, 10 अन्‍य बीमार, खून में संक्रमण की आशंका

मल्हारगंज स्थित युगपुरुष धाम आश्रम में रह रहे 12 बच्चों की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हो गई थी। आश्रम में करण और आकाश नामक बच्‍चे की जान गई है। पता चला है कि करण नामम बच्‍चा सोनकच्‍छ निवासी था। आकाश नामक बालक नर्मदापुरम निवासी बताया गया है। यह बालक कुछ माह पहले ही आश्रम लाया गया था।

By Hemant Kumar Upadhyay

Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 10:10:45 AM (IST)

Up to date Date: Tue, 02 Jul 2024 10:37:43 AM (IST)

12 बच्चों की सोमवार को अचानक तबीयत खराब हुई थी।

HighLights

  1. इंदौर के मल्‍हारगंज क्षेत्र में स्थित आश्रम का मामला।
  2. युगपुरुष धाम आश्रम के 12 बच्चों की तबीयत बिगड़ी।
  3. बच्‍चों को चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इंदौर। शहर के एक अनाथ आश्रम में दो बच्‍चों की दो दिन में मौत हो गई। यह आश्रम शहर के मल्‍हारगंज क्षेत्र में स्थित है।

पता चला है कि यहां युगपुरुष धाम आश्रम में रह रहे 12 बच्चों की सोमवार को अचानक तबीयत खराब होने के बाद इन्‍हें चाचा नेहरू अस्पताल में भर्ती कराया गया था।

इसके बाद एक बच्‍चे की मौत रात में हुई। दूसरे बच्‍चे ने मंगलवार सुबह दम तोड़ दिया। बच्‍चों की मौत की सूचना पर इंदौर कलेक्‍टर आशीष सिंह चाचा नेहरू अस्‍पताल पहुंचे।

जानकारी मिली है कि बच्‍चों के खून में संक्रमण के कारण तबीयत बिगड़ी है। बच्‍चों को एमवाय अस्‍पताल से चाचा नेहरू अस्‍पताल उपचार के लिए रेफर किया गया।

आश्रम में मप्र के अलग-अलग जिलों से लाए गए बच्‍चों को रखा गया है। मल्‍हारगंज पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 12 वर्षीय करण की सोमवार को अस्‍वस्‍थ होने के बाद मौत हो गई।

इसके बाद आज सुबह सात वर्षीय आकाश नामक बच्‍चे की भी मौत हो गई। बच्‍चों की मौत के बाद पुलिस भी इस मामले की जांच कर रही है। बच्‍चों की मौत के बाद आश्रम प्रबंधन ने बाल कल्‍याण समिति को पत्र लिखकर मामले की जानकारी दी है।

इंदौर कलेक्‍टर के अनुसार बच्‍चों की मौत डायरिया अथवा डि‍हाइड्रेशन और मिर्गी जैसी बीमारी से होने की आशंका है, लेकिन पूरी जांच के बाद ही स्‍पष्‍ट कारण पता चल सकेगा।