Jabalpur to Mumbai Flight : जबलपुर से मुंबई के लिए पहले ही दिन विमान की पूरी सीट फुल

Jabalpur to Mumbai Flight : जबलपुर से मुंबई के लिए पहले ही दिन विमान की पूरी सीट फुल

एमपी के जबलपुर और मुंबई के बीच विमान सेवा शुरू होने की घोषणा होने के साथ ही बुकिंग शुरू कर दी गई। इस विमान में यात्रा करने के लिए पांच से छह हजार रुपये का किराया चुकाना पड़ा। जैसे ही एयरपोर्ट पर विमान ने लैंडिंग की और यात्री टर्मिनल में आए तो उनके चेहरे पर मुंबई नियमित विमान सेवा शुरू होने की खुशी छा गई।

By Dheeraj kumar Bajpai

Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 09:15:06 AM (IST)

Up to date Date: Tue, 02 Jul 2024 12:25:07 PM (IST)

मुंबई एयरपोर्ट से रवाना होकर जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचा एक परिवार।

HighLights

  1. मुंबई से 183 यात्री जबलपुर आए, तो 180 मुंबई रवाना हुए।
  2. दो उड़ानों के चलते यात्रियों को कम किराया चुकाना होगा।
  3. एक सितंबर से जबलपुर बेंगलुरु से भी विमान सेवा शुरू।

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। सोमवार से विमान सेवा प्रारंभ हो गई। इंडिगो का विमान समय पर पहुंचा और मुंबई के लिए रवाना हुआ। पहले ही दिन यह विमान फुल रहा। मुंबई एयरपोर्ट से रवाना होकर विमान निर्धारित समय पर जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचा। वर्षा के चलते वाटर सैल्यूट नहीं दिया जा सका। इंडिगो मुंबई-जबलपुर-मुंबई रूट पर एयरबस 350 का संचालन कर रहा है। 186 यात्री क्षमता वाले इस विमान में मुंबई से 183 यात्री जबलपुर आए, तो जबलपुर से 180 यात्री मुंबई के लिए रवाना हुए।

शनिवार को रहेंगी दो उड़ान

इस रूट पर स्पाइस जेट की साप्ताहिक उड़ान संचालित की जा रही है। यह उड़ान सप्ताह में महज एक दिन शनिवार को है। स्पाइस जेट का विमान सुबह 11 बजकर 40 मिनट पर प्रत्येक शनिवार को मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान भरकर दोपहर एक बजकर 50 मिनट पर जबलपुर एयरपोर्ट पहुंचता है। वहीं आधे घंटे यहां रुकने के बाद विमान दोपहर दो बजकर 20 मिनट पर उड़ान भरकर चार बजकर 20 मिनट पर मुंबई एयरपोर्ट पहुंचता है। इसके चलते शनिवार को मुंबई के लिए दो उड़ानें रहेंगी। दो उड़ानों के चलते यात्रियों को कम किराया भी चुकाना होगा।

लंदन से आई महिला

शहर के प्रतिष्ठित व्यापारी ऋषि अग्रवाल की बहन रिचा अग्रवाल लंदन से मुंबई आईं। पहले उन्होंने बाया इंदौर से जबलपुर के लिए टिकट करवाया था, क्योंकि उस समय मुंबई के लिए सीधी उड़ान सेवा नहीं थी। जैसे ही उन्हें विमान सेवा प्रारंभ होने की जानकारी लगी तो उन्होंने मुंबई से जबलपुर के लिए टिकट लिया। उनके साथ उनकी बेटी अनन्या अग्रवाल भी आई है। दोनों को एयरपोर्ट लेने उनके भाई ऋषि अग्रवाल और उनकी बेटी माही अग्रवाल पहुंचे।

यह रहेगा शेड्यूल

सुबह 10.00 बजे मुंबई एयरपोर्ट से उड़ान

सुबह 11.45 बजे जबलपुर एयरपोर्ट पर लैंडिंग

दोपहर 12.45 बजे जबलपुर एयरपोर्ट से उड़ान

दोपहर 2.45 बजे मुंबई पहुंचेगा।

मुंबई के लिए सीधी वायुसेवा से जबलपुरवासियों में उत्साह

जबलपुर से मुंबई सीधी वायुसेवा के शुभारंभ के अवसर पर नगरवासियों में बेहद उत्साह रहा। यात्रियों ने जबलपुर से मुंबई तक की यात्रा की। वायुसेवा संघर्ष समिति के संयोजक हिमांशु खरे ने बताया कि मुंबई वायुसेवा के आरंभ होने से जबलपुर देश की आर्थिक राजधानी से सीधे जुड़ गया है। नगर के उद्योगपति, व्यापारी, चिकित्सा क्षेत्र एवं उच्च शिक्षा के लिए बाहर पढ़ रहे युवाओं में भी इस वायुसेवा को लेकर उत्साह देखने को मिला है।

एक सितंबर से जबलपुर बेंगलुरु से भी विमान सेवा शुरू

एक सितंबर से जबलपुर बेंगलुरु से भी विमान सेवा शुरू होने जा रही है। समिति के सदस्यों ने जबलपुर विमानतल पहुंचकर इंडिगो वायुसेवा के स्थानीय प्रबंधन से भेंट कर उन्हें मुंबई वायुसेवा के लिए धन्यवाद दिया। इंडिगो के कार्यपालक निदेशक के नाम एक पत्र भी सौंपा जिसमें जबलपुर को पुणे, चेन्नई, हैदराबाद, अहमदाबाद, कोलकाता आदि शहरों से जोड़ने की मांग की। समिति के जितेंद्र पचौरी, बसंत मिश्रा, अरुण पवार, प्रीति चौधरी आदि उपस्थित थे।