Jabalpur News : जबलपुर के महापौर एक तरफ बजट पेश कर रहे थे, दूसरी ओर काले कपड़ों में आया विपक्ष मांग रहा था त्‍यागपत्र

Jabalpur Information : जबलपुर के महापौर एक तरफ बजट पेश कर रहे थे, दूसरी ओर काले कपड़ों में आया विपक्ष मांग रहा था त्‍यागपत्र

एमपी के जबलपुर को तीन वर्षों में इंदौर, भोपाल की तर्ज पर ‘विकसित जबलपुर’ बनाने के संकल्प को लेकर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने नगर निगम के पं. भवानी प्रसाद तिवारी सभाकक्ष में बजट पेश किया। कांग्रेस पार्षद काले कपड़े में दाखिल हुए। महापौर के खिलाफ नारेबाजी कर इस्तीफा की मांग की। नगर निगम सदन में बजट भाषण के बाद नेता प्रतिपक्षा का मौन चर्चा का विषय रहा।

By Sunil dahiya

Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 12:41:36 PM (IST)

Up to date Date: Tue, 02 Jul 2024 12:41:36 PM (IST)

निगम परिसर स्थित पं. भवानी प्रसाद तिवारी सभाकक्ष में विरोध जताते कांग्रेस के पार्षद।

HighLights

  1. ‘विकसित जबलपुर’ बनाने का संकल्प, महापौर ने पेश किया 15 अरब का बजट।
  2. न टैक्स में बढ़ोत्तरी, न ही किसी तरह का कोई नया भार, उम्मीदों को लखेंगे पंख।
  3. तीन वर्षों में इंदौर, भोपाल की तर्ज पर ‘विकसित जबलपुर’ बनाने के संकल्प लिया।

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर के नगर निगम परिसर स्थित पं. भवानी प्रसाद तिवारी सभाकक्ष में महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू एक तरफ बजट पेश कर रहे थे, दूसरी ओर काले कपड़ों में आया विपक्ष त्‍यागपत्र मांग रहा था। हंगामे के बीच महापौर ने कहा-बजट करीब 15 अरब 37 लाख 28 हजार 900 रुपये की आय वाला अनुमानित बजट है, जिसमें 15 अरब 34 लाख 65 हजार रुपये व्यय होंगे जबकि 2 लाख 63 हजार 900 रुपये की बचत होगी।

बजट पूरी तरह से नागरिकों के लिए राहत भरा

न टैक्स में बढ़ोत्तरी की गई है न ही किसी तरह का कोई नया भार डाला गया है। उम्मीदो को पंख जरूर लगाए हैं। दो चार नए कार्यों को छोड़ दें तो बजट में गत वर्ष के बजट में प्रस्तावित विकास कार्य, योजनाओं को इस बार भी शामिल किया गया है। इसमें अमूमन वहीं कार्य होंगे, जो पूर्व संचालित योजनाओं में कवर हो रहे थे।

9 जुलाई तक के लिए बजट बैठक स्थगित कर दी

महापौर के दूसरे कार्यकाल का भले ही ये दूसरा बजट है लेकिन नगर सत्ता में परिवर्तन के बाद महापौर का ये पहला बजट भी कहा जा रहा है। महापौर द्वारा बजट पेश करने के बाद पार्षदों के सुझाव के लिए निगमाध्यक्ष रिंकुज विज ने 9 जुलाई तक के लिए बजट बैठक स्थगित कर दी है।

सुविधाओं के लिए पर्यावरण संरक्षरण, पर्यटन पर भी जोर

दोपहर तीन बजे आयोजित विशेष बजट सम्मिलन में परपंरानुसार एमआइसी सदस्य व वित्त प्रभारी अंशुल यादव ने बजट की प्रतियां पार्षदों को वितरित की और फिर महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने सदन में बजट पढ़कर सुनाया। महापौर ने कहा कि 1500 करोड़ के अनुमानित बजट में जबलपुर को विकासशील से विकसित जबलपुर बनाने, नागरिकों सड़क, बिजली, पानी सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं बढ़ाने के प्रविधान किए गए हैं।

इस बार जलप्लावन की समस्या से निपटने मद में बढ़ोतरी

स्वास्थ्य, शिक्षा, यातायात, रोजगार के अलावा पर्यवरण संरक्षण, पर्यटन के क्षेत्र में विशेष प्रविधानकिए गए हैं। बजट में इस बार जलप्लावन की समस्या से निपटने मद में बढ़ोतरी की गई है। ये बजट दो लाख 63 हजार 900 रुपये की बचत वाला होगा।

90 लाख रुपये तक कार्य करा सकेंगे पार्षद

बजट में फिर ये प्रविधान किया गया है कि शहर के 79 वार्डों में से शहरी क्षेत्र के 69 वार्ड पार्षद 90-90 लाख रुपये से विकास कार्य करवा सकेंगे। वहीं वर्ष 2015 में नगर निगम में शामिल हुए वार्डों के पार्षद 15-15 लाख रुपये के अतिरिक्त यानी 1 करोड़ पांच लाख रुपये तक पार्षद मद के कार्य करा सकेंगे।

स्वास्थ्य, शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार पर जोर

  • – स्वास्थ्य- सभी 79 वार्डो में संजीवनी क्लीनिक स्थापित किए जाएंगे। ताकि नागरिकों को प्राथमिक उपचार मिले 45 हो चुके तैयार
  • – शिक्षा- नगर निगम के स्वामित्व के भवनों में संचालित स्कूलाें को स्मार्ट स्कूल बनाया जाएगा
  • – सुरक्षा- सभी वार्डों के प्रमुख चौराहों पर पार्षदाें की अनुशंसा पर सीसीटीवी लगेंगे, ताकि नागरिकों की सुरक्षा बेहतर हो
  • – यातायात- यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने विभिन्न स्थानों पर मल्टीलेबल पार्किग बनेगी, ब्लैक स्पाट चिंहित कर समाप्त किए जाएंगे।
  • – रोजगार- 500 दुग्ध व डेली नीड्स पार्लर खोले जाएंगे। इससे एक हजार रोजगार बढ़ेंगे।

ये नए प्रविधान किए

  • – पर्यावरण संरक्षण और पर्यटन के नजरिये से अक्टूबर माह तक 12 लाख पाैधों का रोपण किया जाएगा
  • – शासकीय, शाला भवन व निजी भवनों में वाटर हार्वेस्टिंग सिस्टम लगवाए जाएंगे। 8500 आग्रह पत्र संबंधितों को भेजे गए
  • – 100 एसी इलेक्ट्रिक बसें चलेंगी, सितंबर, अक्टूबर तक शहर में आ जाएंगीं
  • – जलप्लावन की रोकथाम के लिए अलग मद बनाया गया है
  • – 1901 से अब तक रिकार्ड का होगा डिजिटलाइजेशन
  • – 170 करोड़ से ठोस अवशिष्ट प्रबंधन एवं बायोगैस प्लांट की स्थापना की जाएगी
  • – इंदौर की तर्ज पर बनेगा 56 भोग मार्केट जगह चिंहित, जल्द लेगा आकार

निगम की आय बढ़ाने पर भी रहेगा जोर

– नगर निगम आय बढ़ाने के साथ ही खर्चो में कटौती की जाएगी। बजट में किए गए प्रविधान के तहत नगर निगम सोलर बिजली को बढ़ावा देगा। वर्तमान में नगर निगम बिजली बिल में ही सालाना करीब 50 करोड़ रुपये खर्च कर रहा है। सोलर प्लांट लगाए जाएंगे, 20 करोड़ रुपये की बजट का अनुमान।

– रिडेंसिफिकेशन योजना के तहत नगर निगम अपनी आय बढ़ाएगा। 500 करोड़ रुपये के कार्य कराए जाएंगे निगम के सभी 75 स्कूलों का कायाकल्प इसी से किया जाएगा रिडेंसिफिकेशन योजना में ऐसी सरकारी संपत्ति ली जाती है, जिसकी जमीन का बड़ा हिस्सा खाली पड़ा है। इन लोकेशन पर सरकार शपिंग काम्पलेक्स, सरकारी भवन और आवास बनाएगी।

नागरिक सुविधाओं पर रहेगा फोकस

  • – खारीघाट से गौरीघाट और ललपुर से तिलवारा घाट तक बनेगी सड़क, गौरीघाट और तिलवारा में बड़ी पार्किंग भी बनाई जाएगी
  • – अगले वर्ष तक हर घर में पहुंचेगा नर्मदा जल, अमृत योजना के दूसरे चरण में 312 करोड़ के प्रोजेक्ट पर काम शुरू
  • – अवैध नल कनेक्शनों को वैध कराने पर नल कनेक्शन जोड़ने के शुल्क एक वर्ष के जलशुल्क में जोड़कर लिया जाएगा।
  • – मुक्तिधाम, कब्रिस्तान में शवदाह व दफन के लिए जरूरतमंदों को दी जाएगी रियायत
  • – छात्र-छात्राएं, दिव्यांग, सिनियर सिटीजन को मेट्रो बस किराये में छूट देने रियायती पास दिए जाएंगे।