Jabalpur Crime : ओमती में पुलिस सहायता केंद्र के पास कार से उतर पाती इसके पूर्व ही प्रेमी ने किए चाकू से कई वार, किसी ‘और’ के साथ देखा था

Jabalpur Crime : ओमती में पुलिस सहायता केंद्र के पास कार से उतर पाती इसके पूर्व ही प्रेमी ने किए चाकू से कई वार, किसी ‘और’ के साथ देखा था

एमपी के जबलपुर ओमती चौक पर हमला करने से पहले से घात लगाए बैठे मछरहाई निवासी गुरफान ने युवती के गले के साथ कई अन्य हिस्सों पर चाकू से वार किए। गले से खून की धार निकल पड़ी। कोई कुछ समझ पाता, इसके पूर्व गुरफान वहां से भाग निकला। ओमती पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

By Dheeraj kumar Bajpai

Publish Date: Tue, 02 Jul 2024 07:56:20 AM (IST)

Up to date Date: Tue, 02 Jul 2024 11:16:12 AM (IST)

युवती की मौत के बाद विलाप करते परिजन।

HighLights

  1. कार से उतरते वक्त वारदात को दिया अंजाम।
  2. जब कार नहीं रुकी, तो उसमें तोड़फोड़ कर दी।
  3. हालत नाजुक होने पर मेडिकल रेफर किया था।

नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। ओमती चौक के पुलिस सहायता केंद्र के ठीक सामने एक बदमाश ने युवती को चाकू मारकर हत्या कर दी। युवती के गले पर चाकू से वार किया। शाम के समय भीड़भाड़ वाले इलाके में इस दिल दहला देने वाली वारदात से सड़क पर हड़कंप मच गया। भीड़ का फायदा उठाकर आरोपित मौके से फरार हो गया। युवती उस समय कार से कहीं से लौटी थी। ओमती पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपित की तलाश शुरू कर दी है।

कोई कुछ समझ पाता, गुरफान वहां से भाग निकला

सीएसपी राजेश सिंह राठौर ने बताया कि नया मोहल्ला रिपटा निवासी फिरोज कुरैशी की बेटी तमन्ना कुरैशी (18) सोमवार को कहीं गई थी। शाम के समय वह कार से लौटी। कार चालक ने ओमती चौक पर कार रोकी तो तमन्ना ने दरवाजा खोला। वह कार से उतर पाती, इसके पूर्व वहां पहले से घात लगाए बैठे मछरहाई निवासी गुरफान ने उस पर चाकू से हमला कर दिया। आरोपित गुरफान ने युवती के गले के साथ कई अन्य हिस्सों पर चाकू से वार किया। हमले के साथ ही तमन्ना के गले से खून की धार निकल पड़ी। कोई कुछ समझ पाता, इसके पूर्व गुरफान वहां से भाग निकला।

जब कार नहीं रुकी, तो उसमें तोड़फोड़ कर दी

खून से लथपथ तमन्ना सड़क पर गिर गई। इधर कार चालक ने कार चालू की और वहां से भागने लगा, तभी वहां मौजूद युवकों ने कार को रोकने का प्रयास किया, लेकिन जब कार नहीं रुकी, तो उसमें तोड़फोड़ कर दी, लेकिन तब तक कार चालक कार लेकर वहां से भाग निकला। खून से लथपथ तमन्ना को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां हालत नाजुक होने पर उसे मेडिकल रेफर कर दिया गया।

हालत नाजुक होने पर मेडिकल रेफर किया था

स्वजन उसे वहां लेकर पहुंचे, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी जैसे ही युवती से जुड़े लोगों को लगी बड़ी संख्या में अस्पताल के बाहर भीड़ जमा हो गई। इधर सूचना पर पुलिस भी मौके और अस्पताल पहुंची। जहां स्वजन और लोगों ने हंगामा किया और आरोपित की गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस की एक टीम ने घटना स्थल के आसपास लोगों से पूछताछ की, वहीं सीसीटीवी खंगाले ताकि आरोपित की पहचान हो सके।