ब्रिजटाउन. दक्षिण अफ्रीका के कप्तान एडेन मार्कराम ने स्वीकार किया कि भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप फाइनल में उनकी टीम स्कोरबोर्ड का दबाव नहीं झेल सकी. विराट कोहली के 76 रन और डैथ ओवरों में जसप्रीत बुमराह तथा हार्दिक पंड्या की शानदार गेंदबाजी के दम पर भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात रन से हराया.
मार्कराम ने हार के बाद कहा, “फिलहाल तो निराश हूं. इससे उबरने में समय लगेगा. हमने अच्छी गेंदबाजी की और बल्लेबाजी भी अच्छी रही, लेकिन जीत तक नहीं पहुंच सके.” उन्होंने कहा, “हमने कई मैचों में देखा कि आखिरी गेंद तक कुछ नहीं कह सकते. स्कोरबोर्ड का दबाव हमेशा था. यह अच्छा मैच था और इसने साबित किया कि हम फाइनल खेलने के हकदार थे.”
जबकि पिछली दक्षिण अफ़्रीकी टीमें दबाव में अक्सर झुक जाती थीं, मार्कराम की टीम ने बार-बार टूर्नामेंट में मैच जीतने के तरीके खोजे हैं. उन्होंने कहा, “अंत में सब कुछ तेजी से बदल गया. लेकिन हम अच्छी स्थिति में थे. हम जानते हैं कि हम गेम जीत सकते थे. उम्मीद है कि आगे बढ़ते हुए हम इससे सीख सकते हैं और इसका इस्तेमाल कर सकते हैं. भले ही हम मैच हार गए हों, लेकिन यह हमारे लिए हमेशा गर्व का दिन रहेगा.”
हमने इसके लिये तीन चार साल कड़ी मेहनत की है: रोहित
दूसरी ओर, भारतीय कप्तान रोहित शर्मा ने टी20 विश्व कप जीतने के बाद भावुक होते हुए कहा कि उनकी टीम ने सिर्फ फाइनल में ही अच्छा प्रदर्शन नहीं किया, बल्कि इसके लिए पिछले तीन साल से कड़ी मेहनत कर रही थी. उन्होंने कहा, “मैं बता नहीं सकता कि इस समय कैसा महसूस कर रहा हूं. शब्दों में नहीं बता सकता. पिछली रात मैं सो नहीं सका. मैं हर हालत में जीतना चाहता था.”
उन्होंने कहा, “यह बताना मुश्किल है कि पिछले तीन चार साल में हमने कितनी मेहनत की है. सिर्फ आज की बात नहीं है, इसके पीछे तीन चार साल की मेहनत है.” पिछले साल वनडे विश्व कप फाइनल में मिली हार को वह भूले नहीं हैं.
Tags: Aiden Markram, Icc T20 world cup, Rohit sharma, South africa, Workforce india
FIRST PUBLISHED : June 30, 2024, 01:42 IST





