रवींद्र जडेजा ने 2007 में टी20 विश्व कप ट्रॉफी जीत के साथ शुरुआत की थी जडेजा के लिए टी20 विश्व कप 2024 का मौजूदा सीजन कुछ खास नहीं रहा
नई दिल्ली. भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा ने भी टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास का ऐलान किया है. विराट कोहली और रोहित शर्मा के बाद जडेजा तीसरे भारतीय हैं जिन्होंने टी20 विश्व कप 2024 जीतने के बाद इस फॉर्मेट को अलविदा कहा. बाएं हाथ के बल्लेबाज जडेजा ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पर दी. 36 वर्षीय जडेजा के लिए मौजूदा टी20 विश्व कुछ अच्छा नहीं रहा. पिछले एक दशक से जडेजा भारतीय टीम में तीनों फॉर्मेट में अहम खिलाड़ी रहे. उन्हें टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में बेहतरीन ऑलराउंडर में गिना जाता है.
रवींद्र जडेजा (Ravindra Jadeja) करियर का सातवां टी20 विश्व कप 2024 खेलने उतरे थे. लेकिन इस दौरान वह छाप नहीं छोड़ सके. इस विश्व कप में उन्हें 7 मैचों में बैटिंग का मौका मिला लेकिन वह इसे भुना नहीं सके. उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ 17 रन की पारी खेली जबकि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 9 रन बनाकर नाबाद लौटे. बांग्लादेश के खिलाफ उनकी बैटिंग नहीं आई वहीं अफगानिस्तान के खिलाफ 7 रन बनाए. पाकिस्तान के खिलाफ वह खाता भी नहीं खोल सके जबकि आयरलैंड और अमेरिका के खिलाफ बैटिंग नहीं आई.
अब मैं बेरोजगार हो गया… कोई ऑफर है? हेड कोच का कार्यकाल खत्म होने के बाद गुरु द्रविड़ का छलका दर्द
रवींद्र जडेजा ने अपने इंस्टाग्राम पेज पर टी20 ट्रॉफी को लिए लिखा, ‘ तहे दिल से मैं टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कह रह हूं. गर्व से सरपट दौड़ने वाले एक दृढ़ घोड़े की तरह, मैंने हमेशा अपने देश के लिए अपना सर्वश्रेष्ठ दिया है. बाकी फॉर्मेट में भी ऐसा करना जारी रखूंगा. टी20 में विश्व विजेता बनना सपना सच होने जैसा था. यादों, उत्साह और अटूट समर्थन के लिए धन्यवाद। जय हिंद.’
रवींद्र जडेजा का टी20 इंटरनेशनल करियर
रवींद्र जडेजा ने 74 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले. इस दौरान उन्होंने 515 रन बनाए जिसमें 46 रन उनका बेस्ट स्कोर रहा. बल्लेबाजी के साथ साथ जडेजा ने अपनी लेफ्ट आर्म स्पिन गेंदबाजी से 54 विकेट चटकाए हैं. जडेजा ने अपना टी20 करियर 2007 से शुरू किया था. तब भारतीय टीम ने टी20 विश्व कप अपने नाम किया था.
Tags: Ravindra jadeja
FIRST PUBLISHED : June 30, 2024, 17:17 IST





