नई दिल्ली. आईसीसी टी20 विश्व कप में भारतीय टीम ने अपना डंका बजाया. बिना एक भी मैच हारे ट्रॉफी को जीतकर टीम इंडिया ने इतिहास रच दिया. इससे पहले कोई भी टीम ऐसा कमाल नहीं कर पाई थी. रोहित शर्मा की कप्तानी वाली टीम ने फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ हाथ से निकल चुके मुकाबले में रोमांचक जीत हासिल की. आईसीसी ने टूर्नामेंट के खत्म होने के बाद टीम चुनी जिसमें फाइनल में प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए विराट कोहली को जगह नहीं दी गई.
आईसीसी ने अपनी टीम ऑफ द टूर्नामेंट की घोषणा की है जिसकी कप्तानी वर्ल्ड चैंपियन रोहित शर्मा को दी गई है लेकिन विराट कोहली की जगह नहीं बनी. साउथ अफ्रीका को हराकर टी20 विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान रोहित शर्मा समेत 6 खिलाड़ियों को जगह दी गई है. सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह टीम में हैं. अफगानिस्तान के 3 खिलाड़ी, वेस्टइंडीज, ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के 1-1 खिलाड़ियों को इस टीम में शामिल किया गया है.
विराट कोहली क्यों हुए बाहर
टी20 विश्व कप फाइनल में मैच जिताऊ पारी खेलकर प्लेयर ऑफ द मैच चुने गए विराट कोहली को टीम ऑफ द टूर्नामेंट में जगह नहीं दी गई. इसके पीछे की वजह पूरे टूर्नामेंट के दौरान उनका खराब फॉर्म रहा. साउथ अफ्रीका के खिलाफ 76 रन की पारी खेलने के अलावा 7 मैच में विराट कोहली के नाम सिर्फ 75 रन ही बनाए थे. वहीं ओपनिंग में जगह बनाने वाले रहमानुल्लाह गुरबाज टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बैटर रहे. आईसीसी ने इन दो वजहों से किंग कोहली को टीम ऑफ द टूर्नामेंट में जगह नहीं दी.
आईसीसी टी20 विश्व कप टीम
रोहित शर्मा (कप्तान), रहमानुल्लाह गुरबाज (विकेटकीपर), निकोलस पूरन, सूर्यकुमार यादव, मार्कस स्टोइनिस, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, राशिद खान, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह, फजल हक फारूकी, एनरिक नॉर्खिया (12वें खिलाड़ी)
Tags: Icc T20 world cup, Rohit sharma, T20 World Cup, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : July 1, 2024, 08:50 IST





