रोहित की कप्तानी में जीती टीम इंडिया, मगर एमएस धोनी को मिलने लगी बधाई, फैन्स बोले- Thala for…, क्या है पूरा माजरा?

रोहित की कप्तानी में जीती टीम इंडिया, मगर एमएस धोनी को मिलने लगी बधाई, फैन्स बोले- Thala for…, क्या है पूरा माजरा?

रोहित शर्मा की कप्तानी में टी-20 वर्ल्ड कप जीतने वाली टीम इंडिया को हर तरफ से बधाई मिल रही है. पूर्व क्रिकेटर से लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और बड़े-बड़े नेता सब बधाई दे रहे हैं. इस बीच टीम इंडिया को जीत की आदत दिलाने वाले दिग्गज क्रिकेटर और पूर्व कप्तान महेंद्र सिंह धोनी ने भी उन्हें बधाई दी है. धोनी ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा- विश्व कप चैम्पियन 2024 . मेरी दिल की धड़कनें तेज हो गई थीं. शांतिचित्त होकर, आत्मविश्वास बनाये रखकर शानदार प्रदर्शन किया. देश में और दुनिया भर में सभी भारतीयों की ओर से विश्व कप घर लाने की बधाई. जन्मदिन के शानदार उपहार के लिए धन्यवाद .

धोनी की कप्तानी में भारत ने 2007 में दक्षिण अफ्रीका में पहला टी20 विश्व कप जीता था. इसके बाद 2011 में धोनी के नेतृत्व में ही इंडिया ने वनडे वर्ल्डकप जीता था. धोनी अगले महीने 43 वर्ष के हो जायेंगे .

धोनी के इस बधाई पर उनके फैन्स उन्हें ही बधाई देने लगे. वे इस जीत को धोनी से जोड़ने लगे. दरअसल, भारत ने 7 रनों से दक्षिण अफ्रीका पर जीत हासिल की. सात धोनी की जर्सी का नंबर रहा है. उनके लिए यह लकी नंबर बताया जाता है. फिर फैन्स Thala for a Cause लिखने लगे.

दरअलस, आईपीएल में धोनी चेन्नई सुपर किंग्स को लीड करते रहे हैं. तमिल में थाला का मतलब हीरो होता है. चेन्नई की हर जीत में उनके फैन्स धोनी की भूमिका देखते हैं और वे उनके सम्मान में कहते हैं- Thala for a Cause. अब इस वर्ल्डकप की जीत को भी उनके फैन्स उनसे जोड़ रहे हैं. इंस्टाग्राम पर उनके पोस्ट हजारों रिएक्शन आ चुके हैं.