Bhind Information: भिंड में कांक्रीट मिक्सर में दबने से मजदूर की मौत, मशीन में ऑयल लीकेज को कर रहा था ठीक

भिंड में कांक्रीट मिक्सर मशीन में दबने से एक युवक की मौत हो गई। युवक मशीन में ऑयल लीकेज को ठीक करने की कोशिश कर रहा था, इसी दौरान रोलर में दब गया, जिससे उसकी मौत हो गई।

By Neeraj Pandey

Publish Date: Mon, 01 Jul 2024 03:59:46 PM (IST)

Up to date Date: Mon, 01 Jul 2024 03:59:46 PM (IST)

मिक्सर मशीन के रोलर में दबने से युवक की मौत

HighLights

  1. अटेर रोड के पास चंदनपुरा में चल रहा था सीसी सड़क का निर्माण
  2. 12 दिन पहले ही अन्य साथियों के साथ काम करने आया था युवक
  3. ऑयल लीकेज होने पर मिक्सर मशीन ठीक करने की कर रहा था कोशिश

नईदुनिया प्रतिनिधि, भिंड: शहर में कांक्रीट मिक्सर मशीन में ऑयल लीकेज को सही करते समय एक युवक की रोलर के नीचे दबने से मौत हो गई। घटना सोमवार दोपहर अटेर रोड रेलवे क्रासिंग से पहले चंदनपुरा में हुई। युवक को रोलर के नीचे दबा देखकर साथ में काम करने वाले लोगों ने बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन शव बाहर नहीं निकल सका। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

मिक्सर मशीन ठीक करने की कोशिश कर रहा था

जानकारी के अनुसार शहर में अटेर रोड पर चंदनपुरा के पास सीसी सड़क बनाई जा रही है। सड़क बनाने के लिए गिट्टी, रेत-सीमेंट का मिश्रण तैयार करने के लिए कांक्रीट मिक्सर वाहन का उपयोग किया जा रहा है। सोमवार को मिक्सर में ऑयल लीकेज कर रहा था, जिसे 24 वर्षीय रेनू बघेल रोलर के नीचे घुसकर सही कर रहा था। इसी दौरान राेलर के नीचे कोई उपकरण टाइट करते समय वह एकदम स्लिप हो गया। इससे मिश्रण तैयार करने वाला रोलर रेनू के ऊपर गिर गया, जिसमें वह बुरी तरह दब गया।

naidunia_image

साथी मजदूरों ने युवक को निकालने का प्रयास किया, लेकिन वह सफल नहीं हुए। इसके बाद देहात थाना पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मजदूरों की सहायता से रोलर को ऊपर उठाकर शव को बाहर निकाला और पीएम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया।

12 दिन पहले ही काम करने आया था रेनू

रेनू शिवपुरी जिले के नरवल बिलौली का रहने वाला था। रेनू के चचेरे भाई दीनदयाल बघेल ने नईदुनिया को फोन पर बताया कि रेनू गांव के 10-15 अन्य लोगों के साथ करीब 12 दिन पहले ही भिंड काम करने के लिए गया था। रेनू दो भाई थे। बड़ा भाई रिंकू बघेल गांव में रहता है। मेंपिता किसान हैं जबकि मां केशकली गृहणी हैं।

अटेर राेड पर मिक्सर मशीन के रोलर के नीचे दबने से एक युवक की मौत हो गई है। स्वजन को सूचना कर दी है। मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।

-मुकेश शाक्य, टीआइ थाना देहात