LIVE JK Terror Assault: कठुआ में आतंकी से मुठभेड़ जारी, थोड़ी-थोड़ी देर में कर रहा फायरिंग, CRPF जवान शहीद
जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर आतंकी हमले तेज हो गए हैं। रियासी में बस में सवार श्रद्धालुओं को निशाना बनाने के लगभग 50 घंटे बाद मंगलवार रात आतंकियों ने दो जगहों पर फिर दुस्साहस दिखाया। कठुआ के एक गांव में अंधाधुंध फायरिंग की। इसके बाद डोडा जिले के भद्रवाह में सेना के कैंप पर हमला कर दिया।
By Arvind Dubey
Publish Date: Wed, 12 Jun 2024 08:29:21 AM (IST)
Up to date Date: Wed, 12 Jun 2024 12:20:09 PM (IST)

HighLights
- डोडा के भद्रवाह में सैन्य शिविर से 100 मीटर पहले पुलिस चेकपोस्ट को बनाया निशाना, एक जवान घायल
- इससे साढ़े 3 घंटे पहले कठुआ के एक गांव में आतंकियों ने की थी गोलीबारी, एक आतंकी ढेर
- रियासी में श्रद्धालुओं की बस को बनाया था निशाना, हमले में 10 लोगों की हुई थी मौत
एजेंसी, जम्मू (terrorist assault in Jammu)। जम्मू में एक के बाद एक आतंकी हमले सामने आ रहे हैं। रियासी में श्रद्धालुओं की बस पर आतंकी हमला हुआ। इसके बाद रात करीब आठ बजे कठुआ के एक गांव में अंधाधुंध फायरिग की और इसके करीब साढ़े तीन घंटे बाद 11ः30 बजे डोडा जिले के भद्रवाह में सेना के कैंप पर हमला कर दिया। ताजा खबर यह है कि कठुआ और डोडा में ऑपरेशन जारी है।
कठुआ के हीरानगर क्षेत्र में एकबार फिर मुठभेड़ शुरू हो गई है। मंगलवार रात हुए आतंकी हमले में एक आतंकी मारा गया था और सीआरपीएफ जवान बलिदान हुआ था। दूसरे आतंकी की तलाश जारी थी। यह आतंकी रुक-रुक कर फायरिंग कर रहा है।
बुधवार सुबह खबर आई कि डोडा मुठभेड़ में पांच सैन्यकर्मी और एक एसपीओ घायल हुआ है। वहीं कठुआ के हीरानगर में हुई मुठभेड़ में सीआरपीएफ का एक जवान बलिदानी हुआ है। बलिदानी का नाम कबीर दास बताया जा रहा है
कठुआ के हीरानगर में जिंदा बचे आतंकी ने बुधवार सुबह एक बार फिर फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें जम्मू कठुआ रेंज के डीआईजी और एसएसपी बाल-बाल बचे।
रियासी बस हमला: स्केच जारी किया, 20 लाख का इनाम
इस बीच, जम्मू पुलिस ने रियासी बस हमले को अंजाम देने वाले आतंकवादी का स्केच जारी किया है। साथ ही जानकारी देने वाले को 20 लाख का इनाम देने की घोषणा की है। बता दें, 9 जून, रविवार की शाम को कटरा लौट रही तीर्थ यात्रियों की बस को आतंकियों ने निशाना बनाया था। हमले में 10 यात्रियों की जान चली गई थी और 30 से अधिक घायल हो गए थे।












