What Impacts Funding: वैश्विक स्थितियां प्रभावित करती हैं आपका निवेश, जरूर जान लें ये बातें
अभी वैश्विक बाजारों की चाल को देखकर और समझकर ही निवेश करने का फैसला लेना चाहिए। अभी कई बाजारों में गिरावट आने का खतरा महसूस किया जा रहा है। आगे ऐसे कई मौके आएंगे, जब कई अच्छे स्टाॅक कम कीमतों में खरीदने मिल सकते हैं। भारतीयों को इसे लेकर घबराना नहीं चाहिए।
By Ekta Sharma
Publish Date: Fri, 28 Jun 2024 03:40:37 PM (IST)
Up to date Date: Fri, 28 Jun 2024 03:40:37 PM (IST)
HighLights
- अर्थव्यवस्था बाहरी कारकों से भी प्रभावित होती है।
- ताजा स्थिति में अमेरिका फेडरल रिजर्व की नीतियों का इंतजार है।
- ऐसे में सोच समझकर गिरावट में खरीदारी करना चाहिए।
बिजनेस डेस्क, इंदौर। What Impacts Funding: चार्डट एकाउंटेंट हर्ष विजयवर्गीय के मुताबिक, दुनिया में होने वाले युद्ध आप-हम जैसे तमाम निवेशकों के निवेश और रिटर्न को भी प्रभावित करते हैं। पहले रूस-यूक्रेन का युद्ध हुआ। फिर हमास ने इजरायल पर हमला किया। दोनों ने दुनियाभर के शेयर बाजारों में उथल-पुथल मचाई। युद्ध और संघर्ष वैश्विक सेंटीमेंट को प्रभावित करते हैं। किसी भी देश की अर्थव्यवस्था सिर्फ आंतरिक कारणों से नहीं, बल्कि बाहरी कारकों से भी प्रभावित होती है। जब उथल-पुथल किसी अहम आर्थिक ताकत वाले देश में हो, तो दुनियाभर की अर्थव्यवस्था डगमगाने लगती है।
गिरावट को निवेशक मौके के रूप में देखें
ताजा स्थिति में अमेरिका फेडरल रिजर्व की नीतियों का इंतजार है। ऐसे में अभी वैश्विक बाजारों की चाल को देखना और समझना जरूरी है। कई बाजारों में गिरावट आने का खतरा महसूस किया जा रहा है। कई जगह बिकवाली के दबाव से स्टाॅक मार्केट में गिरावट आ सकती है। हालांकि, इस गिरावट को भारतीय निवेशकों को मौके के रूप में देखना चाहिए। इस साल अवसर मिलेगा, जबकि कई अच्छे स्टाॅक कम कीमतों में खरीदने मिल सकते हैं। सोना-चांदी के दाम उछल सकते हैं। ऐसे में सोच समझकर गिरावट में खरीदारी करें और लंबे समय के निवेश का इरादा रखें।
खरीदी बिक्री करना निवेश नहीं
भारतीय अर्थव्यवस्था के फंडामेंटल मजबूत हैं। इसलिए भारतीयों को घबराना नहीं चाहिए। खास बात ये है कि अपने निवेश को हिस्सों में बांटे। स्टॉक मार्केट के साथ अन्य सुरक्षित व कम जोखिम वाले निवेश में भी धन लगाने की सलाह हमेशा दी जाती है। शेयर बाजार में सिर्फ कुछ दिनों के लिए जाना और खरीदी बिक्री करना निवेश नहीं ट्रेडिंग है। इससे पूंजी बनाने का विचार समझदारी नहीं कही जा सकती। बल्कि अच्छी कंपनियों के साथ अपना पोर्टफोलियो को बेहतर करना चाहिए। अपनी उम्र और जिम्मेदारियों को आंककर जोखिम लेना चाहिए। जो युवा है वे अपेक्षाकृत अधिक जोखिम व तेजी से रिटर्न देने वाले माध्यम अपना सकते हैं।

