Mhow Information: अतिक्रमण हटाने के दौरान भाजपा पार्षद और पुलिस में झड़प, लिया हिरासत में
महू के धार नाका इलाके में सड़क को 52 फीट चौड़ी किया जाना है। इसमें लगभग 70 मकान बाधक बन रहे हैं। सड़क चौड़ीकरण के लिए इन मकानों को तोड़ा गया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान क्षेत्रीय पार्षद की पुलिस से झड़प हुई।
By Hemant Kumar Upadhyay
Publish Date: Fri, 28 Jun 2024 01:52:05 PM (IST)
Up to date Date: Fri, 28 Jun 2024 01:52:05 PM (IST)
HighLights
- महू में धारनाका की बड़ी पुलिया से छोटी पुलिया तक चौड़ी होगी सड़क।
- पुलिस बल और प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में हटाए अतिक्रमण।
- अतिक्रमण हटाने के दौरान रहवासियों के साथ भी हुई पुलिस की झड़प।
नईदुनिया प्रतिनिधि, महू। शहर में अतिक्रमण हटाने के दौरान विवाद की स्थिति निर्मित हो गई। महूगांव नगर परिषद अंतर्गत महू – नीमच राजमार्ग पर धारनाका की बड़ी पुलिया से छोटी पुलिया तक अतिक्रमण हटाने की कारवाई की जा रही है।

इस कार्रवाई के तहत मौके पर बड़ी संख्या में पुलिस बल और प्रशानिक अधिकारी मौजूद हैं। इस बीच रहवासियों ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध भी किया।
विरोध के दौरान महूगांव नगर परिषद की वार्ड 10 की पार्षद सुवर्णा दुबे की पुलिस से साथ झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने भाजपा की पार्षद सुवर्णा दुबे को हिरासत में ले लिया। अतिक्रमण हटाने के दौरान इलाके के रहवासियों के साथ भी पुलिस की झड़प होने की जानकारी मिली है ।
जानकारी के अनुसार एमपीआरडीसी द्वारा धारनाका की बड़ी पुलिया से छोटी पुलिया तक 50 फीट और छोटी पुलिया से भाटखेडी तक 52 फीट सड़क चौड़ीकरण किया जाएगा। इसमें करीब 70 मकान बाधक हैं। इन बाधक मकानों को तोड़ा जा रहा है।

