Jabalpur Mausam : जबलपुर में झूमकर बरसे बदरा तो करीब एक इंच हुई वर्षा, संभाग के अन्‍य जिले भी मानसून हुआ सक्रिय

Jabalpur Mausam : दक्षिण पश्चिम मानसून सीधी सिंगरौली के उत्तरी हिस्से को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में सक्रिय हो गया है। मानसून प्रणालियां पहले से मजबूत हो रही है। जबलपुर सहित संभाग के जिलों में अच्छी वर्षा हुई। सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक 29.8 मिलीमीटर यानी करीब सवा इंच वर्षा हुई। आगामी 24 घंटे के दौरान भी गरज-चमक के साथ अच्छी वर्षा का अनुमान है।

By Sunil dahiya

Publish Date: Fri, 28 Jun 2024 07:25:10 AM (IST)

Up to date Date: Fri, 28 Jun 2024 07:25:10 AM (IST)

Jabalpur Mausam : जबलपुर में झूमकर बरसे बदरा तो करीब एक इंच हुई वर्षा, संभाग के अन्‍य जिले भी मानसून हुआ सक्रिय
जोरदार वर्षा से शहर में घुली ठंडक, तीन पत्ती चौराहे से गुजरता राहगीर ।

HighLights

  1. मानसून ने ली अंगड़ाई, पानी से तरबतर हुआ शहर।
  2. दिन भर तेज धूप करती रही बैचेन, शाम को राहत।
  3. अब तक साढ़े तीन इंच के करीब पहुंच गया आंकड़ा।

Jabalpur Mausam : नईदुनिया प्रतिनिधि, जबलपुर। जबलपुर सहित प्रदेश भर में सक्रिय हुआ मानसून गुरुवार शाम को जबरदस्त मेहरबान रहा। सुबह छह बजे कुछ देर बारिश के बाद दिनभर निकली धूप और उमस भरी गर्मी के बाद शाम होते ही मौसम का मिजाज पूरी तरह से बदल गया।

शहर की सड़कें तरबतर हो गईं

आसमान पर गहराए बादल पहली बार झूम कर बरसे। रुक-रुक कर करीब एक घंटे तक हुई जोरदार वर्षा से शहर की सड़कें तरबतर हो गईं। बादलों की तेज गर्जना और बिजली की चमक के साथ हुई झमाझम बरसात के चलते लोग जहां के तहां ठिठके रहे। रिमझिम वर्षा का दौर रात में भी रुक-रुक कर जारी रहा। गुरुवार को नगर में सवा इंच बारिश दर्ज की गई।

छह दिन बाद मानसून ने अंगड़ाई

आखिरकार मानसून की दस्तक के छह दिन बाद मानसून ने अंगड़ाई ली और गुरुवार की शाम गरज-चमक के साथ हुई जोरदार वर्षा से शहर पानी से तरबतर हो गया। मौसम में हल्की ठंडक घुल गई। दिन भर धूप और उसम भरी गर्मी से बैचने लोगों को ने काफी हद तक राहत की सांस ली।

संभाग के जिलों में अच्छी वर्षा हुई

क्षेत्रीय मौसम कार्यालय के मुताबिक दक्षिण पश्चिम मानसून सीधी सिंगरौली के उत्तरी हिस्से को छोड़कर प्रदेश के लगभग सभी क्षेत्रों में सक्रिय हो गया है। मानसून प्रणालियां पहले से मजबूत हो रही है। जबलपुर सहित संभाग के जिलों में अच्छी वर्षा हुई। सुबह 8:30 बजे से रात 8:30 बजे तक 29.8 मिलीमीटर यानी करीब सवा इंच वर्षा हुई। आगामी 24 घंटे के दौरान भी गरज-चमक के साथ अच्छी वर्षा का अनुमान है।

अब तक साढ़े तीन इंच हुई वर्षा

बहरहाल मानसून की सक्रियता से वर्षा का दौर शुरू हो गया है। गुरुवार को सुबह से शाम तक जहां 29.8 मिलीमीटर यानी करीब सवा इंच वर्षा हुई। वहीं मानसून सीजन में अब तक 8948 मिलीमीटर यानी करीब साढ़े तीन इंच वर्षा हाे चुकी है।

24 से 48 घंटे में अच्छी वर्षा होगी

मध्य प्रदेश से लेकर गुजरात, राजस्थान तक ट्रफ लाइन और चक्रवातीय परिसंचरण मजबूती के साथ सक्रिय है। इसके प्रभाव से 24 से 48 घंटे के दौरान अच्छी वर्षा की संभावना जताई जा रही है।

तापमान में आई मामूली गिरावट

गुरुवार को दिन भर धूप निकली रही उमस भी बरकार रही वहीं हवा में नमी घुली होने से दिन के अधिकतम तापमान में गत दिवस के मुकाबले मामूली गिरावट दर्ज की गई। गुरुवार को अधिकतम तापमान 36.7 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया वहीं न्यूनतम तापमान भी दो डिग्री कम होकर 24.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।