Bilaspur Information : जोनल स्टेशन के बाहर खड़ी कार में लगी आग, आधी रात मचा हड़कंप
घटना रात डेढ़ से दो बजे के बीच की है। स्टेशन में वीआइपी गेट के सामने प्रीमियम पार्किंग है, जहां यात्रियों की कार खड़ी रहती है। मंगलवार को भी कुछ कारें पार्किंग में थीं। इसी बीच सीजी 12 एक्यू – 3322 के इंजन की तरफ अचानक आग लग गई।
By Yogeshwar Sharma
Publish Date: Thu, 27 Jun 2024 12:34:54 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 27 Jun 2024 12:34:54 AM (IST)

नईदुनिया न्यूज, बिलासपुर। जोनल स्टशेन के बाहर मंगलवार देर रात डेढ़ बजे प्रीमियम पार्किंग में खड़ी कार में आग लग गई। सूचना मिलने के बाद आरपीएफ व रेलवे स्टाफ अग्निशमन यंत्र की मदद से आग बुझाने का प्रयास किए। लेकिन, आग इतनी तेजी से भभक रही थी कि यंत्र काम नहीं आया। ऐसी स्थिति जिला प्रशासन की मदद से दमकल बुलाई गई और करीब एक घंटे की जद्दोजहद के बाद आग बुझी। इस घटना से हड़कंप मच गया। यदि समय रहते आग नहीं बुझती तो बड़ा हादसा हो सकता था। आग की लपटें अन्य कार के अलावा जोनल स्टेशन की बिल्डिंग तक पहुंच सकती थी।
घटना रात डेढ़ से दो बजे के बीच की है। स्टेशन में वीआइपी गेट के सामने प्रीमियम पार्किंग है, जहां यात्रियों की कार खड़ी रहती है। मंगलवार को भी कुछ कारें पार्किंग में थीं। इसी बीच सीजी 12 एक्यू – 3322 के इंजन की तरफ अचानक आग लग गई। रात का समय होने के कारण इसकी सूचना आरपीएफ व रेलवे स्टेशन स्टाफ तक समय पर नहीं पहुंची। जब जानकारी मिली तो आग बढ़ चुकी थी और इंजन की तरफ का हिस्सा भभक रहा था। जिसे देखकर कर्मचारियों के होश उड़ गए। कुछ देर के लिए हड़कंप मच गया। आनन-फानन में रेलवे स्टाफ अग्निशमन यंत्र लेकर आया और आग बुझाने का प्रयास करने लगा। लेकिन, तब तक आग बढ़ चुकी थी। लिहाजा सूचना देकर दमकल बुलाई गई। तब जाकर आग बुझी और स्टाफ ने राहत की सांस ली। हालांकि जिस समय घटना हुई स्टेशन के बाहर यात्री थे। कुछ लोग जलती कार के नजदीक जाने का प्रयास भी कर रहे थे। जिन्हें आरपीएफ ने सुरक्षा घेरा बनाकर रोका। यदि आग नहीं बुझती तो रेलवे स्टेशन में बड़ा हादसा हो सकता था। आसपास कुछ और कारें खड़ीं थी। आग की लपटें इन तक पहुंचती तो यह भी जद में आ जाते और धीरे-धीरे आग जोनल स्टेशन बिल्डिंग तक पहुंच जाती।
वजह अब तक स्पष्ट नहीं
जोनल स्टेशन के गेट नंबर दो के सामने खड़ी कार में आग कैसे लगी, यह अब तक स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रथम दृष्टया शार्ट सर्किट को वजह बताई जा रही है। इस घटना की सूचना कार मालिक को दी गई। यह कार किसी अमित चौहान नाम के व्यक्ति का है, जो किसी काम से बुढ़ार गए थे। इस घटना की जांच पुलिस व आरपीएफ दोनों कर रही है।
जीएम के पहुंचने पहले ढक दिया
घटना में कार के सामने का हिस्सा पूरी तरह जल गया है। इसे देखते हुए जली कार को ढक दिया गया। हालांकि इसकी वजह महाप्रबंधक नीनु इटियेरा का स्टेशन आना था। वह कोरबा निरीक्षण के लिए गई थीं। बुधवार को छत्तीसगढ़ एक्सप्रेस बिलासपुर पहुंचीं। कार इसलिए ढकी गई, ताकि उनकी नजर इस पर न पड़े।

