VIDEO: एक ओवर में 43 रन… विराट-रोहित को 3-3 बार आउट करने वाले बॉलर की रिकॉर्डतोड़ पिटाई, बना दिया इतिहास

नई दिल्ली. विराट कोहली और रोहित शर्मा को 3-3 बार और ऋषभ पंत को 4 बार आउट कर चुके ओली रॉबिनसन ने जिंदगी में भी कभी नहीं सोचा होगा कि एक दिन ऐसा भी आएगा जब उनके एक ओवर में 43 रन बन जाएंगे. लेकिन ऐसा हुआ और उनकी यह दुर्गति किसी नामी बैटर ने नहीं, आठवें नंबर पर आए लुईस किंबर ने की. लुईस किंबर ने काउंटी चैंपियनशिप के एक मुकाबले में रॉबिनसन के ओवर में 43 रन ठोक डाले. ओवर में एक नो बॉल भी शामिल थी.

ओली रॉबिनसन की इस पिटाई से अगर कोई सबसे अधिक खुश हुआ होगा तो वह शोएब बशीर हैं. शोएब बशीर भी इंग्लैंड के ही क्रिकेटर हैं. एक हफ्ते पहले ही शोएब बशीर ने एक ओवर में 38 रन लुटा दिए थे, जो सबसे महंगे ओवर का रिकॉर्ड था. शोएब बशीर का यह अनचाहा रिकॉर्ड अब ओली रॉबिनसन के नाम हो गया है.

ओली रॉबिनसन ने यह अनचाहा रिकॉर्ड ससेक्स बनाम लीस्टरशर मुकाबले में बनाया. ससेक्स ने काउंटी चैंपियनशिप डिवीजन2 के इस मैच में लीस्टरशर को 18 रन से हराया. ओली रॉबिनसन अपनी टीम ससेक्स की जीत के बावजूद शायद ही यह मैच कभी याद करना चाहेंगे.