बीते कई दिनों से प्रोड्यूसर वाशू भगवानी के 250 करोड़ के कर्जे में दबे होने की खबरें सुर्खियों में हैं। रिपोर्ट्स रहीं कि कर्ज चुकाने के लिए वाशू भगनानी ने जुहू स्थित अपना 7 मंजिला ऑफिस बेच दिया है। साथ ही साथ उन्होंने अपने स्टाफ के 80 प्रतिशत लोगों को नौकरी से निकाल दिया है और कई लोगों की 2 सालों से सैलेरी रोकी हुई है। विवादों के बीच अब प्रोड्यूसर वाशू भगनानी ने इन खबरों का खंडन किया है। उन्होंने साफ कहा है कि प्रोडक्शन का ऑफिस बिका नहीं है, उसे बस री-डेवलप करवाया जा रहा है। साथ ही वाशू भगनानी ने उन खबरों को भी अफवाह बताया है, जहां दावा किया गया था कि उन्होंने लोगों से कर्जा लिया हुआ है।
वाशू भगनानी ने कहा है, ‘जिस बिल्डिंग की लोग बात कर रहे हैं वो किसी को नहीं बेची गई है। वो अब भी मेरी है। हम बस उसे एक टॉवर में री-डेवलप कर रहे हैं, जिसमें लग्जरी घर होने वाले हैं। इसे हमने डेढ़ साल पहले प्लान किया था। मैं बड़े मियां छोटे मियां रिलीज होने का इंतजार कर रहा था, जिसके बाद हम री-डेवलपमेंट का काम शुरू करवाना चाहते थे।’
अक्षय कुमार और बेटे जैकी भगनानी के साथ वाशू भगनानी।
स्टाफ को नौकरी से निकालने पर वाशू भगनानी ने कहा है, ‘हमारे साथ एक ही टीम पिछले 10 सालों से काम कर रही है। हमने किसी को नौकरी से नहीं निकाला है’। साथ ही उन्होंने बताया है कि री-डेवलपमेंट के चलते उनका काम पुरानी ऑफिस में शिफ्ट हुआ है, जो उनके लिए लकी है।
रिपोर्ट्स ये भी रहीं कि बड़े मियां छोटे मियां, मिशन रानीगंज और बेल बॉटम जैसी फिल्में फ्लॉप होने से पूजा एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन हाउस कर्जे में डूब चुका है। इस पर वाशू भगनानी ने कहा है कि हिट और फ्लॉप फिल्में इस बिजनेस का हिस्सा हैं।
सोशल मीडिया पर बुराई करने के अलावा कई विकल्प हैं- वाशू
उन्होंने कहा है, ‘मैं इस बिजनेस में पिछले 30 सालों से हूं, अगर कोई ऐसा शख्स है, जो ये दावा करता है कि मैंने उससे उधार ली है, तो वो सामने आकर बात करे। क्या उनके पास पूजा एंटरटेनमेंट के साथ कॉन्ट्रैक्ट हैं? क्या उन्होंने हमारे खिलाफ कोई केस किया है? सोशल मीडिया पर बुराई करने के अलावा भी मामले सुलझाने के कई तरीके हैं।’
आगे उन्होंने कहा है, ‘अगर कोई दिक्कत है, तो हम उसे रिसॉल्व करेंगे। कोई भाग नहीं रहा है। प्लीज मेरे ऑफिस आएं और हमसे बात करें, अपने डॉक्यूमेंट्स दें और इसे सुलझाने के लिए 60 दिन दें। मैं किसी प्रेशर और ब्लैकमेलिंग में नहीं फंसने वाला। हम UK की प्रोडक्शन कंपनियों के साथ भी काम करते हैं, अगर उन प्रोडक्शन्स ने लोगों से उधार ली है, तो लोग सीधे उनसे संपर्क करें।’
बॉलीवुड मेरी जान है- वाशू भगनानी
आगे उन्होंने कहा है, ‘मुझे बॉलीवुड और फिल्मों से प्यार है। बॉलीवुड मेरी जान है। ये बेहद इमोशनल इंडस्ट्री है और लोग हर अच्छे बुरे वक्त में साथ खड़े रहते हैं।’
क्या है पूरा मामला?
हाल ही में पूजा एंटरटेनमेंट से जुड़े एक कर्मचारी ने एक सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया था कि प्रोडक्शन वालों ने 2 सालों से सैलरी रोक रखी है। इसके बाद से ही प्रोडक्शन के कर्जे में दबे होने की खबरें सामने आ रही थीं। अप्रैल 2024 में पूजा एंटरटेनमेंट की फिल्म बड़े मियां छोटे मियां बॉक्स ऑफिस पर बुरी तरह फ्लॉप हुई है। अक्षय कुमार और टाइगर श्रॉफ स्टारर ये फिल्म 350 करोड़ रुपए के मेगा बजट में बनी थी, हालांकि फिल्म महज 60 करोड़ रुपए का ही कलेक्शन कर सकी।
एक मीडिया रिपोर्ट में सूत्र के हवाले से लिखा गया है, अली अब्बास जफर के निर्देशन में बनी फिल्म (बड़े मियां छोटे मियां) फ्लॉप होने से कंपनी को बड़ा नुकसान पहुंचा है। भगनानी के पास कर्ज चुकाने के लिए दफ्तर बेचने के अलावा कोई विकल्प नहीं था।
बताते चलें वासू भगनानी, एक्टर जैकी भगनानी के पिता हैं। उन्होंने 1986 में प्रोडक्शन हाउस पूजा एंटरटेनमेंट की शुरुआत की थी। इस प्रोडक्शन हाउस द्वारा ‘कुली नं 1’, ‘हीरो नं 1’, ‘बीवी नं 1’, ‘प्यार किया तो डरना क्या’, ‘रहना है तेरे दिल में’, ‘बड़े मियां छोटे मियां’ जैसी जबरदस्त हिट फिल्में प्रोड्यूस की गई हैं।