Lok Sabha Speaker Election: ओम बिरला को चुनौती देंगे के. सुरेश, बुधवार को चुनाव, सांसदों के लिए व्हिप जारी
Lok Sabha Speaker Election: लोकसभा अध्यक्ष पद को लेकर एनडीए और इंडिया ब्लॉक ने अपने-अपने उम्मीदवार मैदान में उतारे हैं। 26 जून को लोकसभा की कार्यवाही शुरू होने के साथ प्रोटेम स्पीकर अगले अध्यक्ष का चुनाव करने के लिए वोटिंग कराएंगे। भाजपा से ओम बिरला और कांग्रेस के कोडिकुन्निल सुरेश ने लोकसभा अध्यक्ष पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया है।
By Kushagra Valuskar
Publish Date: Tue, 25 Jun 2024 06:42:17 PM (IST)
Up to date Date: Tue, 25 Jun 2024 06:54:45 PM (IST)

डिजिटल डेस्क, नई दिल्ली। Lok Sabha Speaker Election: 18वीं लोकसभा स्पीकर का पहला सत्र सोमवार से शुरू हुआ। लोकसभा स्पीकर को लेकर पक्ष-विपक्ष के बीच खींचतान बढ़ गई है। एनडीए उम्मीदवार ओम बिरला के खिलाफ कांग्रेस ने कोडिकुन्निल सुरेश को उतारा है। दोनों ने मंगलवार को नॉमिनेशन फाइल किया। लोकसभा स्पीकर पद के लिए मतदान 26 जून को सुबह 11 बजे होगा।
कांग्रेस और बीजेपी ने जारी किया व्हिप
कांग्रेस और भाजपा ने लोकसभा के स्पीकर चुनाव के मद्देनजर अपने सांसदों के लिए व्हिप जारी किया है। बीजेपी ने एनडीए के सभी सांसदों को सुबह 10.30 बजे संसद भवन पहुंचने को कहा है। वहीं, कांग्रेस ने सुबह 11 बजे तक अपने सांसदों को मौजूद रहने निर्देश दिया है।
तृणमूल कांग्रेस ने जताई नाराजगी
कांग्रेस सांसद कोडिकुन्निल सुरेश की दावेदारी पर टीएमसी ने नाराजगी जताई है। पार्टी के सांसद अभिषेक बनर्जी ने कहा कि इस बारे में हमसे संपर्क नहीं किया गया, कोई चर्चा नहीं हुई। दुर्भाग्य से यह एकतरफा फैसला है।
राजनाथ सिंह ने की विपक्षी नेताओं से मुलाकात
रक्षामंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार सुबह कांग्रेस नेता केसी वेणुगोपाल और डीएमके के टीआर बालू से मुलाकात की और स्पीकर पद पर आम सहमति बनाने की कोशिश की। हालांकि विपक्षी नेताओं ने उपसभापति पद की पेशकश किए बिना ओम बिरला के नाम का समर्थन करने के इनकार कर दिया। वहीं, केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल और ललन सिंह ने कांग्रेस पर शर्तें रखने का आरोप लगाया है।

