48 रुपए में 3 टाइम का खाना…यह तो हद है, मध्य प्रदेश के अस्पतालों में 10 साल से नहीं बढ़ा बजट
मप्र के अस्पतालों में रोगियों के हर दिन भोजन और नाश्ते के लिए सरकार अभी मात्र 48 रुपये दे रही है। पिछले 10 वर्ष में मंत्री, सांसद, विधायक, कर्मचारी और अधिकारियों में सभी के वेतन-भत्ते बढ़ गए, पर रोगियों के भोजन का बजट बढ़ाने में किसी ने रुचि नहीं ली।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Tue, 25 Jun 2024 12:38:02 AM (IST)
Up to date Date: Tue, 25 Jun 2024 07:06:29 AM (IST)
HighLights
- रोगियों के भोजन के लिए रुपये भी बढ़ने के आसार नहीं
- मात्र 48 रुपये में दो बार अच्छा नाश्ता और भोजन देने का दावा
- 2014 के बाद से नहीं बढ़ा बजट, प्रस्ताव लौटाया
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया, भोपाल : स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग के अस्पतालों में रोगियों के हर दिन भोजन और नाश्ते के लिए सरकार अभी मात्र 48 रुपये दे रही है। वर्ष 2014 के बाद से इसमें वृद्धि नहीं की गई है, जबकि इस बीच कच्चे सामान की दरें दोगुनी से भी अधिक हो गई हैं। स्वास्थ्य संचालनालय की ओर से इसे बढ़ाकर सौ रुपये करने का प्रस्ताव शासन को भेजा गया था, पर स्वीकृति नहीं मिली है।
वित्त विभाग बजट 48 रुपये से बढ़ाकर 100 रुपये करने को तैयार नहीं है। उधर, चिकित्सा शिक्षा विभाग ने अपने अस्पतालों के लिए राशि 200 करने का प्रस्ताव भेजा था, पर इस पर भी अब तक कोई निर्णय नहीं हुआ है। अब दोनों विभाग एक होने के बाद प्रति रोगी हर दिन का बजट लगभग 20 रुपये बढ़ाकर समान ही रखा जाएगा।
10 वर्ष में मंत्री, सांसद, विधायक, कर्मचारी और अधिकारियों के वेतन-भत्ते बढ़े
अधिकारियों ने बताया नए सिरे प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजा जाएगा। पिछले 10 वर्ष में मंत्री, सांसद, विधायक, कर्मचारी और अधिकारियों में सभी के वेतन-भत्ते बढ़ गए, पर रोगियों के भोजन का बजट बढ़ाने में संबंधित विभागों के मंत्रियों ने रुचि ली न ही अधिकारियों ने।
48 रुपये में प्रतिदिन के बजट में किस गुणवत्ता का नाश्ता और भोजन मिलता होगा यह सोचने का विषय है, पर विभाग के अधिकारी इतने में भी अच्छा खाना खिलाने का दावा कर रहे हैं। एम्स भोपाल में एक रोगी के भोजन और नाश्ते पर प्रतिदिन डेढ़ सौ रुपये खर्च किया जाता है। वहीं गर्भवती महिलाओं और प्रसूताओं के लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) की ओर से 40 रुपये प्रतिदिन अतिरिक्त दिया जाता है।
इतने कम पैसे में कैसे मिल सकती है इतनी खुराक
- सुबह का नाश्ता – पोहा, उपमा या ब्रेड, दूध 250 एमएल – 10 रुपये
दोपहर का भोजन
- सलाद- एक कटोरी (50 ग्राम)- दो रुपये
- रोटी- चार नग (120 ग्राम)- पांच रुपये
- हरी सब्जी-एक कटोरी (100 ग्राम)- पांच रुपये
- दाल- एक कटोरी (30 ग्राम)-पांच रुपये
- नमकीन दलिया- एक कटोरी (100 ग्राम)- तीन रुपये
- शाम का नाश्ता – चाय (एक कप) और बस्कुट चार नग – तीन रुपये
रात्रि का भोजन
- रोटी – चार नग- पांच रुपये
- हरी सब्जी- एक कटोरी- पांच रुपये
- दाल- एक कटोरी- पांच रुपये
योग– 48 रुपये

