Protest in Patna in opposition to Sonakshi Sinha- Zaheer’s marriage | सोनाक्षी सिन्हा- जहीर की शादी के खिलाफ पटना में विरोध: हिंदू शिवभवानी सेना ने विरोधी पोस्टर में लिखा- बिहार में घुसने नहीं देंगे, शत्रुघ्न फैसले पर पुर्नविचार करें

8 घंटे पहले

  • कॉपी लिंक

सोनाक्षी सिन्हा ने 23 जून को लॉन्ग टाइम बॉयफ्रेंड जहीर इकबाल से शादी कर ली है। शुरुआत में उनके पिता शत्रुघ्न सिन्हा इस शादी के खिलाफ थे, हालांकि बाद में वो सोनाक्षी के फैसले पर राजी हो गए। अब कपल की शादी नए विवाद में घिरती नजर आ रही है। हाल ही में बिहार की हिंदू शिवभवानी सेना के कार्यकर्ता ने शादी को लव जिहाद से जोड़ते हुए धमकी दी है कि अगर शत्रुघ्न सिन्हा बेटी की शादी पर दोबारा विचार नहीं करते तो सोनाक्षी को बिहार में नहीं घुसने दिया जाएगा।

हाल ही में हिंदू शिवभवानी सेना के सदस्य लव कुमार सिंह उर्फ रूद्र ने एक पोस्टर छपवाया है, जिसमें उन्होंने धमकी दी है कि वो सोनाक्षी सिन्हा को बिहार में घुसने नहीं देंगे। साथ ही उन्होंने सोनाक्षी-जहीर की शादी को लव जिहाद से जोड़ा है।

पोस्टर में लिखा गया है, सोनाक्षी सिन्हा और जहीर इकबाल की शादी लव जिहाद को बढ़ावा। पूरे देश का इस्लामीकरण करने की कोशिश। शत्रुघ्न सिन्हा जी शादी के फैसले पर पुनर्विचार करें, नहीं तो अपने बेटों लव, कुश और अपने घर रामायणा का नाम तुरंत बदल लें। इससे हिंदू धर्म का अपमान हो रहा है।

आगे पोस्टर में लिखा गया है, सोनाक्षी सिन्हा को हिंदू शिवभवानी सेना बिहार में नहीं घुसने देगी। हिंदू धर्म को कमजोर और नुकसान पहुंचाने के उद्देश्य से सोनाक्षी की शादी मोहब्बत के नाम पर मजहबी साजिश और अवैध धर्मांतरण है। इससे लव जिहाद को बढ़ावा और पूरे देश का इस्लामीकरण करने की कोशिश।

सोनाक्षी ने नहीं किया धर्म परिवर्तन

बताते चलें कि सोनाक्षी और जहीर की शादी की खबरों के साथ ही ये खबरें भी रहीं कि एक्ट्रेस शादी के लिए इस्लाम कबूल कर रही हैं। हालांकि जहीर इकबाल के पिता इकबाल रत्नासी ने इन खबरों को अफवाह बताया है। उन्होंने फ्री प्रेस जरनल को दिए एक इंटरव्यू में बताया था कि सोनाक्षी शादी के बाद अपना धर्म नहीं बदलेंगी।

बताते चलें कि सोनाक्षी ने 23 जून को अपने बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में जहीर इकबाल से सिविल मैरिज की है। इसके बाद कपल ने मुंबई के दादर में स्थित बैस्टियन रेस्टोरेंट में रिसेप्शन रखा था। शादी की डेट 23 जून इसलिए रखी गई थी, क्योंकि 7 साल पहले दोनों को प्यार हुआ था। इसका खुलासा सोनाक्षी ने शादी की तस्वीरें शेयर कर किया है।