Morena Crime: साढ़े चार माह से गुम थे देवर-भाभी, मुरैना की क्वारी नदी में मिली कार… अंदर थे दो कंकाल
गोपी गांव की नदी में पानी उतरने के बाद एक कार नजर आई। लोगों ने इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दी। कार पर महाराष्ट्र का नंबर लिखा था। पुलिस ने कार को नदी से निकालकर खोला, तो अंदर से दो कंकाल बरामद हुए। माना जा रहा है कि ये देवर और भाभी के हैं, जो प्रेम प्रसंग के चलते घर से भागे थे।
By Paras Pandey
Edited By: Paras Pandey
Publish Date: Tue, 18 Jun 2024 05:56:51 PM (IST)
Up to date Date: Wed, 19 Jun 2024 12:53:46 PM (IST)

HighLights
- मध्य प्रदेश के सिहोनियां का मामला
- आज ही खोले गए थे स्टाप डैम के गेट
- पानी उतरा, तो कार में मिला कंकाल
नईदुनिया प्रतिनिधि, मुरैना। सिहोनियां थाना क्षेत्र के गोपी गांव के पास क्वारी नदी में एक कार मिली, जिसे बाहर निकाला गया तो उसमें एक महिला और एक पुरुष के कंकाल निकले। मृतक रिश्ते में भाभी और चचेरा देवर हैं, जो आपस में प्रेम-प्रसंग के चलते साढ़े चार महीने पहले घर भागे थे।
महिला के पति ने अंबाह थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई थी, लेकिन युवक के परिवार ने किसी तरह की शिकायत नहीं की थी। यह मामला आनर किलिंग का है या फिर देवर-भाभी जिस कार से जा रहे थे, वह नदी में गिरी है? इन दोनों आशंकाओं को देखते हुए पुलिस छानबीन में जुटी है। गोपी गांव में क्वारी नदी पर बड़ा स्टाप डैम है।
हर साल वर्षा स्टाप डैम के गेट खोले जाते है
हर साल बारिश से पहले इस स्टॉप डैम के गेट खोलकर नदी का पानी निकाला जाता है, जिससे नदी की सफाई भी हो जाती है। इसी कड़ी में मंगलवार की सुबह स्टॉप डैम के गेट खोले गए। दोपहर में नदी का जलस्तर कम हुआ तो नदी के बीचोंबीच एक कार दिखी, जो काई व नदी में उगने वाले पौधों से ढंकी थी।
कुछ ग्रामीणों ने जाकर देखा तो कार के अंदर नरकंकाल दिखे। इसके बाद पूरे क्षेत्र में खलबली मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत ही इसकी सूचना सिहोनिया पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस की टीम ने ग्रामीणों और जेसीबी की मदद से कार को बाहर निकालकर खोला। कार के अंदर दोनों नर कंकालों की जांच से पता चला कि एक महिला और दूसरा पुरुष का है।
कार के नंबर- एमएच 03 बीसी- 8720 से मृतकों की पहचान हुई
पता चला कि ये कंकाल अंबाह थाना क्षेत्र के छत्ते का पुरा निवासी जगदीश सखबार के पुत्र नीरज और मुकेश सखबार की पत्नी मिथलेश के हैं, जो रिश्ते में चचेरे देवर-भाभी हैं। पुलिस के अनुसार, स्वजन से पूछताछ के आधार पर पता चला है कि दोनों में प्रेम-प्रसंग था, जिसके चलते छह फरवरी को ये दोनों घर से भागे थे।
मृतका मिथलेश के पति मुकेश सखबार ने बताया कि छह फरवरी को मिथलेश बाजार जाने की बात कहकर गई थी, वहीं से नीरज उसे कार में बैठाकर ले गया था। नीरज उनके चाचा का बेटा है।
लापता होने के छह-सात दिन तक चाचा व अन्य स्वजन कहते रहे कि एक-दो दिन में आ जाएंगे, इसलिए 14 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज कराई थी। इन दोनों के आपस में संबंध थे। इनकी कार नदी में कैसे गिरी, इसकी जांच पुलिस ही करेगी।
वहीं, सिहोनियां थाना प्रभारी धर्मेंद्र गौर के अनुसार, आशंका है कि दोनों की हत्या करके कार सहित शव नदी में फेंके गए हों और यह भी हो सकता है कि स्पीड में होने के कारण रपटे से कार नदी में गिर गई हो। रपटे पर मुड्ढी भी नहीं हैं, जिससे हादसा होने की आशंका भी है।

