Korba Information: पोस्टमार्टम से भी स्पष्ट नहीं हुई मौत की वजह, बिसरा प्रिजर्व
यह माना जा रहा कि मौत के अन्य मामलों की तरह यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा।
By Pradeep Barmaiya
Publish Date: Thu, 20 Jun 2024 12:06:06 AM (IST)
Up to date Date: Thu, 20 Jun 2024 12:06:06 AM (IST)
HighLights
- शराब पीने के बाद तीन की मौत का मामला, कोटमेर में पसरा मातम
नईदुनिया प्रतिनिधि, कोरबा : करतला के कोटमेर गांव में कच्ची शराब पीने के बाद तीन आदिवासियों की हुई मौत की जांच पुलिस कर रही। पोस्टमार्टम के बाद तीनों ग्रामीणों के शव को अंतिम संस्कार के लिए स्वजनों को सौंप दिया गया। एक साथ तीन ग्रामीणों की अर्थी उठने पर गांव में शोक का माहौल रहा।पोस्टमार्टम की रिपोर्ट से भी मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। रसायन परीक्षण के लिए मृतकों का बिसरा प्रिजर्व कर दिया गया है।
घटना करतला थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कोटमेर में निवासरत चैतराम कंवर के घर उसकी पत्नी मालती बाई 50 वर्ष व गांव के ही राम सिंह 60 वर्ष तथा बेदराम 49 वर्ष ने एक साथ मिल कर कच्ची शराब का सेवन किया। शराब पीने के थोडी देर बाद एक- एक कर तीनों की मौत हो गई। चैतराम घटना के वक्त घर पर नहीं था। वापस दोपहर करीब 12 बजे लौटा, तो उसने तीनों की लाश पड़ा देखा। घटनास्थल पर पालिथीन में रखी शराब और मछली की सब्जी भी मिली। कुछ चखना भी था, प्रथम दृष्टया माना जा रहा है कि शराब जहरीली होने की वजह से तीनों आदिवासियों की मौत हुई है।
वहीं पुलिस इस मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होने की बात कह रही। शव को करतला के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मर्च्यूरी में रखा गया था। बुधवार की सुबह पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूर्ण की गई। चिकित्सक मौत का कारण स्पष्ट नहीं कर सके हैं। इस वजह से अब बिसरा रिपोर्ट का इंतजार पुलिस को करना होगा। यहां बताना होगा कि इस तरह की मौत के मामलों में इसके पहले भी पोस्टमार्टम रिपोर्ट से कारण स्पष्ट नहीं हो सके और कुछ मामले तो ऐसे भी हैं, जिनका बिसरा रिपोर्ट लंबे समय के बाद भी नहीं मिल सका है। यह माना जा रहा कि मौत के अन्य मामलों की तरह यह मामला भी ठंडे बस्ते में चला जाएगा।

