B.Sc Nursing Scholar: बीएससी नर्सिंग कर चुकी युवतियों ने भोपाल में सतपुड़ा भवन का किया घेरा, नर्स पद पर नियुक्ति की मांग की
प्रदेश के सरकारी नर्सिंग कालेजों से बीएससी नर्सिंग कर चुकीं लड़कियों ने नर्स के पद पर नियुक्ति की मांग करते हुए सतपुड़ा भवन स्थित चिकित्सा शिक्षा संचालनालय का घेराव किया।
By Neeraj Pandey
Publish Date: Wed, 19 Jun 2024 02:04:35 AM (IST)
Up to date Date: Wed, 19 Jun 2024 02:04:35 AM (IST)
HighLights
- प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड से होता है चयन
- चार साल का कोर्स होता है बीएससी नर्सिंग
- पढ़ाई के बाद कम से कम पांच साल सेवा अनिवार्य
राज्य ब्यूरो, नईदुनिया : भोपाल : सरकारी नर्सिंग कालेजों से बीएससी नर्सिंग कर चुकीं युवतियों को डिग्री पूरी होने के बाद भी बंध पत्र की शर्तों के अनुसार नर्स के पद पर एक वर्ष की पदस्थापना नहीं मिली है। इसकी मांग को लेकर प्रदेश भर से राजधानी पहुंचीं लगभग सौ युवतियों ने मंगलवार को यहां सतपुड़ा भवन स्थित चिकित्सा शिक्षा संचालनालय का घेराव किया।
घर बैठे बीत गया एक साल
युवतियों ने बताया कि प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड (पीईबी) से उनका चयन हुआ था। चार वर्ष का पाठ्यक्रम लगभग एक वर्ष पहले पूरा हो गया है, पर अभी तक पदस्थापना नहीं मिली है। उनका सत्र 2018 से 2022 के बीच का है। उनसे डिग्री पूरी होने के बाद कम से कम पांच वर्ष की सेवा का बांड भरवाया गया था, इनमें एक वर्ष घर बैठे ही बीत गया है।
NSUI ने भी उठाई आवाज
इस दौरान एनएसयूआई के कार्यकर्ता भी उनके समर्थन में उपस्थित रहे। एनएसयूआई के प्रदेश समन्वयक रवि परमार ने बताया कि मंगलवार को पूर्व के चिकित्सा शिक्षा विभाग के अंतर्गत आने वाले कालेजों से पढ़कर निकलीं इन युवतियों की संख्या 240 है। लगभग इतनी ही स्वास्थ्य विभाग के अधीन कालेजों से पढ़ाई पूरी कर चुकी हैं।

