By Elections: उपचुनाव के लिए भाजपा-कांग्रेस ने कसी कमर, देखिए कहां से किस प्रत्याशी को दिया मौका
10 जुलाई को सात राज्यों की 13 विधानसभा सीटों पर होने वाले उप-चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस ने तैयारी पूरी कर ली है। भाजपा और कांग्रेस ने अपने-अपने प्रत्याशियों को मैदान पर उतार दिया है। भाजपा ने पंजाब की जालंधर पश्चिम और पश्चिम बंगाल की पांच विधानसभा सीटों पर प्रत्याशियों को उतार दिया है। कांग्रेस ने हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की दो-दो विधानसभा सीटों पर उम्मीदवार उतारे हैं।
By Anurag Mishra
Publish Date: Mon, 17 Jun 2024 03:52:20 PM (IST)
Up to date Date: Mon, 17 Jun 2024 03:52:20 PM (IST)

डिजिटल डेस्क, इंदौर। भारतीय जनता पार्टी और कांग्रेस ने उपचुनाव के लिए कमर कस ली है। पंजाब और पश्चिम बंगाल में अपने-अपने उम्मीदवारों का एलान कर दिया है। भाजपा ने पंजाब की जालंधर पश्चिम विधानसभा सीट से शीलत अंगुराल को मौका दिया है। पश्चिम बंगाल की पांच सीटों पर उपचुनाव होने वाला है। भाजपा ने यहां रायगंज सीट से मानस कुमार घोस, राणाघाट दक्षिण से मनोज कुमार बिस्वास, बगदा सीट से बिनय कुमार बिस्वास, मानिकताला सीट से कल्याण चौबे को मौका दिया गया है।
कांग्रेस ने इन प्रत्याशियों को दिया मौका
हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड की चार विधानसभा सीटों पर उपचुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस ने भाजपा को टक्कर देने के लिए तैयारी पूरी कर ली है। सभी सीटों पर कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों को उतार दिया है। हिमाचल प्रदेश की हमीरपुर सीट से डॉ, पुष्पेंद्र वर्मा और नालागढ़ सीट से हरदीप सिंह बावा को उतारा गया है। उत्तराखंड के बद्रीनाथ से लखपत बुटोला और मंगलौर सीट से काजी निजामुद्दीन ताल ठोकेंगे।
10 जुलाई को होगा मतदान
उपचुनाव के लिए 10 जुलाई को मतदान किया जाएगा। शुक्रवार को उपचुनाव की अधिसूचना जारी कर जानकारी दी गई थी। उम्मीदवार नामांकन 21 जून तक दाखिल कर सकते हैं। 26 जून नामांकन को वापस लेने की अंतिम तिथि है। 13 जुलाई को मतगणना से पता चल जाएगा कि कौन किस पर भारी पड़ा।

