विराट कोहली टी20 विश्व कप में हो रहे फ्लॉप, बल्लेबाजी कोच का आया बयान, कुछ मैच में नहीं चल पाने से…
लॉडरहिल. भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली का बल्ला टी20 विश्व कप में खामोश है. अभी तक तीन मैच में वो केवल पांच रन बना पाए हैं लेकिन भारत के बल्लेबाजी कोच विक्रम राठौड़ इससे बिल्कुल भी परेशान नहीं हैं. उन्होंने कहा कि इस स्टार बल्लेबाज की फॉर्म चिंता का विषय नहीं है क्योंकि नेट पर वह बेहतरीन लय में लग रहे हैं.
इंडियन प्रीमियर लीग में सर्वाधिक रन बनाने वाले कोहली विश्व कप में अभी तक इस तरह का जलवा नहीं दिखा पाए हैं. उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ एक और पाकिस्तान के खिलाफ चार रन ही बनाए जबकि अमेरिका के खिलाफ खाता भी नहीं खोल पाए थे. राठौड़ ने कनाडा के खिलाफ मैच बारिश की भेंट चढ़ जाने के बाद कहा, ‘‘मुझे अच्छा लगता है कि जब भी मैं यहां आता हूं मुझसे विराट कोहली के बारे में सवाल पूछे जाते हैं. चाहे वह अच्छा प्रदर्शन कर रहे हों या नहीं. चिंता की कोई बात नहीं.’’
विराट कोहली आईसीसी टी20 विश्व कप में रोहित शर्मा के साथ पारी की शुरुआत कर रहे हैं. आयरलैंड के खिलाफ पहले मैच में महज 1 रन बनाकर आउट हुए थे. दूसरे मुकाबले में पाकिस्तान के खिलाफ खेलते हुए 4 रन ही बना पाए थे जबकि अमेरिका के साथ खेलते हुए तो वो खाता भी नहीं खोल पाए.
विक्रम ने आगे कहा, ‘‘वह (कोहली) जिस टूर्नामेंट (आईपीएल) में खेल कर यहां आए हैं उसमें उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया. कुछ मैच में नहीं चल पाने से चीजें नहीं बदल जाती. वह वास्तव में बहुत अच्छी बल्लेबाजी कर रहे हैं.’’
राठौड़ को पूरा विश्वास है कि कोहली जरूरत पड़ने पर अच्छा प्रदर्शन करेंगे. उन्होंने कहा, ‘‘यह अच्छा है कि वह रन बनाने के लिए थोड़ा अधिक भूखा दिख रहा है. वह वास्तव में अच्छा प्रदर्शन करने के लिए बेताब है. आगे हमें उनसे कुछ अच्छी पारियां देखने को मिलेंगी.’’
Tags: T20 World Cup, Vikram rathour, Virat Kohli
FIRST PUBLISHED : June 16, 2024, 22:46 IST

