MP Premier League: मध्यप्रदेश प्रीमियर लीग का रोमांच कल से, टीमें अभ्यास में जुटीं

शहर में नवनिर्मित शंकरपुर स्टेडियम प्रदेश की पहली मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग सिंधिया कप की मेजबानी के लिए दुल्हन की तरह सज-धज कर तैयार हो रहा है। 15 से 23 जून तक आयोजित लीग के शुभारंभ (शनिवार) में सिर्फ एक दिन बचा है और अधिकांश काम अंतिम दौर में है।

By Rajdil Shivhare

Publish Date: Fri, 14 Jun 2024 10:16:25 AM (IST)

Up to date Date: Fri, 14 Jun 2024 06:53:05 PM (IST)

HighLights

  1. टी-20 मैचों में क्रिकेट प्रेमियों को फ्री मिलेगा प्रवेश
  2. सीएम मोहन यादव और ज्योतिरादित्य सिंधिया करेंगे शुभारंभ
  3. सीधा प्रसारण शाम 7:15 बजे जीयो सिनेमा और स्पोर्ट्स-18 पर होगा

नईदुनिया प्रतिनिधि, ग्वालियर। शहर में नवनिर्मित शंकरपुर स्टेडियम प्रदेश की पहली मध्य प्रदेश प्रीमियर लीग “सिंधिया कप” की मेजबानी के लिए दुल्हन की तरह सज-धज कर तैयार हो रहा है। 15 से 23 जून तक आयोजित लीग के शुभारंभ (शनिवार) में सिर्फ एक दिन बचा है और अधिकांश काम अंतिम दौर में है। लीग का रोमांच का लुत्फ उठाने के लिए स्टेडियम में प्रवेश निश्शुल्क रखा है, वहीं गुरुवार को स्टेडियम में वीवीआइपी, वीआइपी, गणमान्य नागरिक, मीडिया और आम दर्शकों के प्रवेश के लिए कुल छह गेट बनाए गए है।

गेट क्रमांक-1 से वीवीआइपी और वीआइपी एवं गेट क्रमांक-2 से मीडिया व गणमान्य नागरिक प्रवेश करेंगे। शंकरपुर रोड की तरफ बने गेट क्रमांक-तीन, चार, पांच व छह से आम दर्शकों को सीधे स्टैंड जा सकेंगे। चूंकि, लीग के शुभारंभ के साथ-साथ स्टेडियम के नामकरण कार्यक्रम भी है इसको देखते हुए आम दर्शकों को शाम साढ़े चार बजे से स्टेडियम में प्रवेश दिया जाएगा।

उधर, मालवा पैंथर्स, ग्वालियर चीताज, भोपाल लैपर्ड्स, रीवा जगुआर और जबलपुर लायंस की टीमों ने स्टेडियम में जमकर अभ्यास किया और अपनी तैयारियों को आंका। अभ्यास के लिए सबसे पहले मालवा पैंथर्स पहुंचे और दोपहर ढाई बजे से पांच बजे रूके। इसके बाद वेंकटेश के चीताज और भोपाल लैपर्ड्स के खिलाड़ी अभ्यास के लिए पहुंचे।

चीताज ने हल्के-फुल्के व्यायाम के बाद सीधे नेट संभाला। जबकि लैपर्ड्स ने काफी देर व्यायाम में अपनी मास-पेशियां खोलते हुए नेट पर पसीना बहाया। रीवा और जबलपुर के खिलाड़ी रात 8:30 बजे पहुंचे और देर रात तक अभ्यास में अपनी तैयारियां परखी। शुक्रवार को भी टीमें अभ्यास के लिए दोपहर दो बजे से स्टेडियम में पहुचेंगी। बतां दें, तीस हजार दर्शक क्षमता वाले स्टेडियम में लीग का पहला मैच ग्वालियर चीताज बनाम मालवा पैंथर्स के मध्य खेला जाएगा। मैच का सीधा प्रसारण शाम 7:15 बजे जीयो सिनेमा और स्पोर्ट्स-18 पर होगा।

बड़ा स्कोर भी बनेगा, चेज भी करेंगी टीमें

क्यूरेटर एमपीलीग के रोमांच के लिए तैयार रनभूमि (पिच) पर बड़ा स्कोर भी बनेगा और चेज भी टीमें करेंगी। यह भरोसा है मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन के चीफ क्यूरेटर मनोहर जामले का। उन्होंने बताया, ग्रांउड प्रभारी विजय सिंह “टुकटुक” और उनकी टीम ने पिछले एक महीने में पिच और ग्राउंड को नए सिरे से तैयार की है। पिच बल्लेबाज और गेंदबाजों दोनों को मदद करेगी। चूंकि, टी-20 फार्मेट है इसलिए टास महत्वपूर्ण नहीं है जिस खिलाड़ी का दिन होगा वो रनों का अंबार भी लगा देगा और पंजा मारकर फिनिश भी कर सकता है। हालांकि, क्रिकेट अनिश्चितता का खेल है। इसलिए कोई भी बात करना जल्द बाजी होगी।

प्रदेश का तीसरा, देश का मिलेगा 81वां स्टेडियम

आधुनिक सुविधाओं से लैस 65 बीघा में फैले शंकरपुर स्टेडियम के 15 जून को साढ़े पांच बजे नामकरण (श्रीमंत माधवराव सिंधिया क्रिकेट स्टेडियम) के साथ प्रदेश को तीसरा और देश को 81वें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम की सौगात मिलेगी। प्रदेश में इससे पहले ग्वालियर में कै.रूपसिंह स्टेडियम और इंदौर के होलकर स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मैच और घरेलू स्पर्धाएं आयोजित हो रही है। देश की बात की जाए तो 24 फरवरी 2021 को अहमदाबाद में नरेंद्र मोदी स्टेडियम की सौगात मिली थी। शाम साढ़े पांच बजे होने वाले लीग के शुभारंभ एवं स्टेडियम के नामकरण कार्यक्रम में प्रदेश के मुखिया डा. मोहन यादव, बीसीसीआइ सचिव जय शाह, पूर्व क्रिकेटर कपिल देव बतौर अतिथि उपस्थित रहेंगे।

एक नजर.. कब कोन होगा आमने-सामने

दिन व तिथि समय अपरांह तीन बजे समय शाम 7:30 बजे

शनिवार, 15 जून – ग्वालियर चीताज बनाम मालवा पैंथर्स

रविवार, 16 जून जबलपुर लायंस बनाम भोपाल लैपर्ड्स रीवा जगुआर बनाम मालवा पैंथर्स

सोमवार, 17 जून – भोपाल लैपर्ड्स बनाम ग्वालियर चीताज

मंगलवार, 18 जून ग्वालियर चीताज बनाम रीवा जगुआर जबलपुर लायंस बनाम मालवा पैंथर्स

बुधवार, 19 जून – भोपाल लैपर्ड्स बनाम रीवा जगुआर

गुरुवार, 20 जून – जबलपुर लायंस बनाम ग्वालियर चीताज

शुक्रवार, 21 जून मालवा पैंथर्स बनाम भोपाल लैपर्ड्स जबलपुर लायंस बनाम रीवा जगुआर

शनिवार, 22 जून एलीमेटर ग्रुप नंबर-2 बनाम 3 –

रविवार, 23 जून – फाइनल ग्रुप नंबर-1 बनाम एलीमेटर विजेता टीम

रजत की मालवा पैंथर्स ने जमकर किया अभ्यास

आइपीएल खिलाड़ी रजत पाटीदार की इंदौर मालवा की टीम मालवा पैंथर्स एमपी लीग में चुनौती पेश करने ग्वालियर आ गई है। उसने गुरुवार को स्टेडिमय में कड़ी धूप में जमकर अभ्यास किया। टीम का पहला मैच ग्वालियर चीताज से शनिवार को होगा। टीम पिछले एक सप्ताह से इंदौर में तैयारी कर रही है और टीम काफी संतुलित दिख रही हैं। टीम में रजत के अलावा मप्र टीम के कप्तान शुभम शर्मा और तेज गेंदबाज अनुभव अग्रवाल भी हैं। टीम की फ्रैंचाइज़ी पार्टनर मोयरा सरिए ग्रुप हैं और इंदौर से विशेष रूप से करीब 2000 से ज्यादा खेल प्रेमियों को स्टेडियम में मैच दिखाने की व्यवस्था ग्रुप द्वारा की गई है। ग्रुप ने सभी लोगों से मालवा पैंथर्स टीम को सपोर्ट करने और टूनर्मिट को फॉलो करने की अपील की।