Jharakhand Information: रांची-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग की अफवाह से अफरा-तफरी में कूदे लोग, चार की मौत, कई घायल

यात्री ट्रेन में आग लगने की अफवाह फैलने से जान बचाने के लिए अगल-बगल कूद रहे थे। इनमें से कुछ दूसरी पटरी पर आ रही मालगाड़ी की चपेट में आ गए। हादसे में चार लोगों की मौत हो गई जबकी कई यात्री घायल हुए हैं।

By Neeraj Pandey

Publish Date: Sat, 15 Jun 2024 02:00:55 AM (IST)

Up to date Date: Sat, 15 Jun 2024 02:00:55 AM (IST)

लातेहार के कुमंडीह स्टेशन के पास हादसा

HighLights

  1. मालगाड़ी की चपेट में आने से चार लोगों की मौत
  2. ट्रेन में आग की अफवाह से यात्रियों में मची थी अफरा-तफरी
  3. रांची-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस में फैली थी आग की अफवाह

जागरण संवाददाता, लातेहार। झारखंड में रांची-सासाराम इंटरसिटी एक्सप्रेस में आग लगने की अफवाह सुनकर ट्रेन से कूदे चार लोगों की मौत हो गई।इनमें दो महिला व दो पुरुष शामिल हैं। कई लोग घायल भी हुए हैं। दरअसल लातेहार के कुमंडीह स्टेशन के पास शुक्रवार रात रांची-सासाराम इंटरसिटी में आग की अफवाह के चलते ट्रेन में यात्रा कर रहे यात्री इधर- उधर कूदे, इनमें चार दूसरी पटरी पर सामने से आ रही मालगाड़ी के चपेट में आ गए जिससे उनकी कटकर मौत हो गई।

दो घंटे तक यातायात प्रभावित

जान गंवाने वालों में शामिल एक बुजुर्ग की पहचान पलामू निवासी 72 वर्षीय नंदलाल शुक्ला और एक महिला बिहार निवासी मंजू देवी के रूप में हुई है। एक महिला समेत दो अन्य मृतकों की पहचान नहीं हो सकी है। लातेहार के एसपी अंजनी अंजन ने बताया कि आसपास के इलाकों में पुलिस छानबीन कर रही है। देर रात तक चार मृतकों के शव बरामद हुए हैं। घायलों का इलाज लातेहार में चल रहा है।

इस दुर्घटना में कुछ अन्य लोगों की मौत की आशंका से इन्कार नहीं किया जा सकता है। पुलिस और रेलवे के अधिकारी राहत कार्य में जुटे रहे। हादसे के बाद बरकाकाना-बरवाडीह रेललाइन पर लगभग दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। रात लगभग 10 बजे उक्त रूट पर रेल परिचालन सामान्य हुआ।