Pushpa 2 won’t hit the theatres on August 15 | 15 अगस्त को सिनेमाघरों में दस्तक नहीं देगी पुष्पा 2: रिपोर्ट्स का दावा- शूटिंग अभी बाकी है; रिलीज के पहले 30 करोड़ का नुकसान हुआ

2 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

मोस्ट अवेटेड फिल्म पुष्पा 2 की रिलीज डेट पोस्टपोन कर दी गई है। फिल्म पहले 15 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली थी। लेकिन हालिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म इस दिन रिलीज नहीं होगी।

मिली जानकारी के अनुसार, फिल्म के कुछ हिस्से की शूटिंग बाकी है, जिसे शूट करने में एक महीने का वक्त लग सकता है। मेकर्स जुलाई के अंत तक इसकी शूटिंग पूरी कर लेंगे। फिर पोस्ट-प्रोडक्शन का काम शुरू होगा।

हालांकि, मेकर्स की तरफ से रिलीज डेट में हुए बदलाव को लेकर ऑफिशियल अनाउंसमेंट होना बाकी है। वहीं, फिल्म अब किस तारीख को रिलीज होगी, इस पर भी कोई अपडेट नहीं है।

फिल्म को 30 करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है

रिलीज डेट में हुए बदलाव से फिल्म को भारी नुकसान भी हो सकता है। 15 अगस्त को नेशनल हॉलिडे रहता है। इस कारण फिल्म के पहले दिन की कमाई शानदार हो सकती थी।

एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस दिन नॉर्थ, साउथ, ईस्ट और वेस्ट को मिलाकर फिल्म ओपनिंग डे पर 180-200 करोड़ की कमाई कर सकती थी। वहीं, सिर्फ हिंदी बेल्ट में फिल्म 65 करोड़ तक की कमाई कर सकती थी।

इस तरह से देखा जाए तो रिलीज डेट में हुए बदलाव की वजह से फिल्म को लगभग 30 करोड़ रुपए का नुकसान हो सकता है। अगर फिल्म 15 अगस्त को रिलीज होती तो 4 दिन का लंबा वीकेंड भी मिलता।

अब 15 अगस्त को अक्षय कुमार की फिल्म होगी रिलीज

बीते बुधवार ट्रेड एक्सपर्ट तरण आदर्श ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर कर इस बात की जानकारी दी कि 15 अगस्त को अक्षय कुमार की फिल्म ‘खेल खेल में’ रिलीज होने को तैयार है। इस फिल्म का डायरेक्शन मुदस्सर अजीज कर रहे हैं। फिल्म में अक्षय के अलावा फरदीन खान, वानी कपूर, तापसी पन्नू जैसे कलाकार दिखाई देंगे।

अक्षय की ये फिल्म पहले 6 सितंबर को रिलीज होने वाली थी। लेकिन अब ये 15 अगस्त को रिलीज हो रही है। जिससे भी यह बात साफ होती दिखाई दे रही है कि फिल्म पुष्पा 2 इस दिन रिलीज नहीं हो रही है।

2021 की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्म थी ‘पुष्पा: द राइज’

2021 में रिलीज हुई ‘पुष्पा: द राइज’ साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली भारतीय फिल्म थी। सभी वर्जन मिलाकर इस फिल्म ने लाइफ टाइम इंडिया में 313 और वर्ल्डवाइड 350 करोड़ रुपए का बिजनेस किया था। यह सबसे ज्यादा कमाई करने वाली तेलुगु फिल्मों की लिस्ट में छठे नंबर पर है।